नौगढ़ समाधान दिवस में खाली कुर्सियां देख भड़के एडीएम, गायब रेशम अधिकारी और इंजीनियर को नोटिस, वेतन रोकने के निर्देश
नौगढ़ तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में लापरवाही बरतने और गायब रहने पर एडीएम ने बड़ी कार्रवाई की है। रेशम अधिकारी और बंधी डिवीजन के इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए उनका वेतन रोकने का आदेश दिया गया है।
नौगढ़ समाधान दिवस में भड़के एडीएम
दो बड़े अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
बिजली विभाग की 14 शिकायतों पर फटकार
55 में से 5 शिकायतों का निस्तारण
खराब फीडबैक पर होगी कड़ी कार्रवाई
चंदौली जिले की तहसील नौगढ़ में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतों पर जवाबदेही तय करने के दौरान प्रशासनिक कड़ाई देखने को मिली। फरियादियों की समस्याओं पर जवाब देने के वक्त दो महत्वपूर्ण विभागों के जिम्मेदार अधिकारी ही मौके से नदारद मिले। जनता की मौजूदगी में अधिकारियों की खाली कुर्सियां देखकर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं मजिस्ट्रेट रतन कुमार वर्मा का पारा चढ़ गया। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए न केवल दोनों अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने का निर्देश दिया, बल्कि लगातार गैरहाजिर रहने के कारण उनके वेतन को रोकने की कार्रवाई को भी बरकरार रखने का आदेश दिया।
बंधी जर्जर होने और अतिक्रमण की शिकायत पर नहीं मिले जिम्मेदार अफसर
तहसील सभागार में चल रही जनसुनवाई के दौरान शाहपुर के ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार जायसवाल ने सोनेफूल बंधी के जर्जर गेट और जमसोत बंधी की बदहाल स्थिति का गंभीर मुद्दा उठाया। शिकायतकर्ता का आरोप था कि बार-बार सूचित करने के बाद भी विभाग द्वारा बंधी की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। इस मामले में जब एडीएम ने संबंधित अभियंता (इंजीनियर) को जवाब देने के लिए तलब किया, तो वह उपस्थित नहीं मिले। इसी प्रकार, रेशम फॉर्म की सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत सामने आने पर जब जिला रेशम अधिकारी को खोजा गया, तो वे भी गायब पाए गए। इन दो बड़ी लापरवाहियों पर एडीएम ने सख्त रुख अख्तियार किया।
लापरवाही पर एसडीएम विकास मित्तल का सख्त रुख, 55 में से 5 का ऑन-स्पॉट निस्तारण
मामले की गंभीरता को स्पष्ट करते हुए उप जिलाधिकारी (एसडीएम) विकास मित्तल ने बताया कि रेशम विभाग और बंधी डिवीजन के अधिकारी पिछले कई समाधान दिवसों से लगातार अनुपस्थित चल रहे हैं। जनशिकायतों के निस्तारण में इस घोर लापरवाही और लगातार गैरहाजिरी को बेहद गंभीरता से लेते हुए उनका वेतन पहले ही अवरुद्ध किया जा चुका है और अब पुनः कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। शनिवार को आयोजित इस समाधान दिवस में कुल 55 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष बचे मामलों को संबंधित विभागों को सौंपकर एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का समय दिया गया है।
बिजली विभाग की 14 शिकायतों पर तहसीलदार की फटकार, 24 घंटे का मिला अल्टीमेटम
इस समाधान दिवस में सबसे ज्यादा शिकायतें बिजली विभाग के खिलाफ आईं। खराब ट्रांसफार्मर, ढीले व जर्जर तार और अनियमित विद्युत आपूर्ति की कुल 14 समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया। शिकायतों का अंबार देखकर तहसीलदार राहुल सिंह ने संबंधित विद्युत अभियंता को कड़ी फटकार लगाई। वहीं, एडीएम ने कड़े निर्देश जारी किए कि क्षेत्र के खराब तारों और जले हुए ट्रांसफार्मरों को हर हाल में अगले 24 घंटे के भीतर दुरुस्त किया जाए। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शिकायतकर्ता के असंतोषजनक फीडबैक के कारण दोबारा शिकायतें मिलीं, तो सीधे विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सीओ नामेंद्र कुमार रावत, बीडीओ विकास सिंह सहित तमाम आला अधिकारी मुस्तैद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








