जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में पंचायत के सामने खुलेगी PM आवास की लिस्ट, एक गलती से कट सकता है नाम, मचा हड़कंप

चन्दौली के नौगढ़ ब्लॉक में प्रधानमंत्री आवास योजना के 12 हजार से ज्यादा दावेदारों की किस्मत का फैसला अब खुली पंचायत में होगा। अगर किसी ने आपत्ति जताई तो नाम कट भी सकता है। अपने गांव की बैठक की तारीख जानने के लिए पूरी खबर पढ़ें...

 
 

नौगढ़ में 12 हजार दावेदारों की खुली पड़ताल

आपत्ति होने पर कट सकता है आवास का नाम

डुगडुगी पिटवाकर बैठक में बुलाए जाएंगे ग्रामीण

आवास के साथ मिलेंगे शौचालय और मजदूरी के पैसे

चंदौली जिले के विकास खंड नौगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के मकान की आस लगाए बैठे 12 हजार से अधिक परिवारों के लिए बहुत बड़ी खबर है। अब किसे मकान मिलेगा और किसका नाम कटेगा, इसका फैसला बंद कमरों में नहीं बल्कि पूरे गांव के सामने खुली पंचायत में होगा।

प्रशासन अब लाभार्थियों की सूची को सीधे गांव के लोगों के सामने रखेगा ताकि हर नाम की सही-सही जांच हो सके। अगर ग्रामसभा की बैठक में किसी दावेदार को लेकर कोई आपत्ति आती है और वह जांच में सही पाई जाती है, तो उसका नाम लिस्ट से तुरंत काट दिया जाएगा। यही वजह है कि इस फैसले के बाद से पूरे नौगढ़ ब्लॉक में हड़कंप मचा हुआ है।

nauhgarh-pm-awas-yojana-list-meeting-schedule

पंचायत भवन में होगी पड़ताल, डुगडुगी बजाकर बुलाई जाएगी भीड़
प्रशासन का साफ मानना है कि गांव के लोगों से बेहतर कोई नहीं जान सकता कि किस परिवार की माली हालत कैसी है और किसे घर की सबसे ज्यादा जरूरत है। इसलिए ग्राम पंचायतों में विशेष बैठकें होंगी, जहां पंचायत सचिव खुद पूरी लिस्ट पढ़कर सुनाएंगे। ग्रामीणों को इस लिस्ट को देखने, अपने सुझाव देने और गलत नाम पर आपत्ति जताने का पूरा मौका मिलेगा।

इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए खंड विकास अधिकारी (BDO) विकास सिंह ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी पंचायत सचिवों जैसे उपेंद्र साहनी, अरुण प्रताप सिंह, संदीप कुमार, जितेंद्र यादव, सुधारकर पटेल, अश्वनी गौतम, मनीष सिंह और गुड्डू प्रसाद को आदेश दिया है कि गांवों में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई जाए। इससे ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण बैठक में हिस्सा ले सकेंगे।

नोट कर लें तारीख: जानिए आपके गांव में कब होगी बैठक

जानिए किस दिन आपके गांव में होगी बैठक 
9 जून 
मझगावां, ठठवा, चिकनी मलेवर, गंगापुर, लौवारी कला, चमेरबांध, पिपराही
10 जून
देवदत्तपुर भैसौड़ा, बैरगाढ़, देवखत, मगरही, जयमोहनी पोस्ता, चुप्पेपुर, बोझ
11 जून
जयमोहनी, बसौली, धनकुंवारी कला, सेमरा कुसही, सेमर साधोपुर, देवरी कला, मरवटिया, जनकपुर
12 जून
जरहर, परसहवा, बाघी, बरबसपुर, बोदलपुर, शमशेरपुर, अमदहां चरनपुर
13 जून
विशेषरपुर, बरवाडीह, बजरडीहा, गोलाबाद, मझगांई 

जानिए कितनी मिलेगी सरकारी मदद और क्या है पुराना रिकॉर्ड
नौगढ़ इलाके में पिछले 10 सालों (साल 2016-17 से अब तक) में 5 हजार से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के मकान का लाभ दिया जा चुका है। साल 2018 के आवास प्लस सर्वे के बाद अब साल 2024 में नए नियमों के साथ दोबारा सर्वे हुआ है, जिससे आवेदकों की संख्या 12 हजार के पार पहुंच गई है।

इस योजना के तहत चुने गए हर पात्र परिवार को नया मकान बनाने के लिए कुल 1.20 लाख रुपये की नकद मदद दी जाएगी। यह पैसा तीन किस्तों (40 हजार, 70 हजार और 10 हजार रुपये) में मिलेगा। इसके साथ ही, घर बनाने के दौरान मनरेगा के तहत 90 दिन की मजदूरी के लिए 21,330 रुपये और घर में शौचालय बनवाने के लिए 12,000 रुपये अलग से दिए जाएंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*