चंदौली में 22 साल बाद नक्सली खौफ का अंत: जिस वन दफ्तर को बम से उड़ाया था, वहां गूंजे मंत्र और फूटे नारियल
चंदौली के नौगढ़ में वर्ष 2004 में नक्सलियों द्वारा उड़ाए गए मझगाई रेंज कार्यालय का 22 साल बाद पुनरुद्धार हुआ है। प्रभारी मंत्री संजीव गोंड की मौजूदगी और रेंजर अमित श्रीवास्तव की पहल से क्षेत्र में भय की जगह भरोसे का नया सवेरा हुआ है।
मझिगाई रेंज कार्यालय का पुनरुद्धार
22 साल बाद लौटी रौनक
नक्सलवाद की काली छाया खत्म
रेंजर अमित श्रीवास्तव की अनूठी पहल
वन भूमि कब्जाधारकों पर होगी कार्रवाई
चंदौली जिले के वनांचल क्षेत्र नौगढ़ में कभी नक्सलियों की दहशत और बारूदी विस्फोट की आवाज से कांप उठने वाला मझगाई रेंज कार्यालय शनिवार को पूरी तरह से बदला हुआ नजर आया। जिस परिसर को वर्ष 2004 में नक्सलियों ने बम विस्फोट कर खंडहर में तब्दील कर दिया था, उसी ऐतिहासिक और संवेदनशील स्थान पर पूरे 22 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर मंत्रोच्चार, शंखध्वनि, विशेष पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर वन विभाग के कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया गया।
इस ऐतिहासिक और साहसिक पहल का नेतृत्व नौगढ़ के रेंजर अमित कुमार श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने वीरान और असुरक्षित हो चुके इस परिसर को नए सिरे से पुनर्जीवित कर क्षेत्र में प्रशासनिक मौजूदगी दर्ज कराई और स्थानीय जनता के बीच विश्वास बहाल करने का काम किया। फीता काटकर जब इस कार्यालय का दोबारा उद्घाटन किया गया, तो स्थानीय ग्रामीणों और वन कर्मियों के चेहरों पर सुरक्षा की भावना और खुशी साफ देखी जा सकती थी।
खंडहर से दोबारा खड़ा हुआ सरकारी सिस्टम
उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर 2004 को नक्सली संगठन के उग्रवादियों ने मझिगाई रेंज कार्यालय की इमारत को डायनामाइट विस्फोट से उड़ा दिया था। इस खौफनाक वारदात के बाद से पिछले 22 सालों तक यह परिसर पूरी तरह वीरान पड़ा रहा और क्षेत्र में भय का प्रतीक बना हुआ था। लेकिन अब वक्त बदल चुका है। लंबे इंतजार के बाद यहां दोबारा वन विभाग की गतिविधियां सक्रिय होने से ग्रामीणों में यह विश्वास जागा है कि क्षेत्र अब पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित स्थिति की ओर लौट आया है। डीएफओ बी. शिवशंकर ने बताया कि वन संपदा की सुरक्षा के लिए यहाँ तत्काल चार वन दरोगा और वनरक्षकों की स्थाई तैनाती कर दी गई है।
“सरकार ने युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ा” — प्रभारी मंत्री
इस ऐतिहासिक अवसर पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने भटके हुए युवाओं को रोजगार और विकास देकर मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। यही कारण है कि आज चंदौली से नक्सलवाद की काली छाया हमेशा के लिए समाप्त हो चुकी है।
मंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि सरकार 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है और वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मझिगाई रेंज कार्यालय अब क्षेत्र के पर्यावरण और वन संरक्षण में अपनी नई व महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अफसरों और जनता ने ग्रहण किया प्रसाद
इस गौरवशाली पुनरुद्धार कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ आम जनता ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उद्घाटन और वैदिक पूजन के बाद उपस्थित जनसमुदाय के बीच प्रसाद और स्वल्पाहार का वितरण किया गया।
इस दौरान मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह उर्फ सुड्डू, प्रबुद्ध समाजसेवी जयप्रकाश सिंह उर्फ शेरू यादव, भाजपा ब्लॉक अध्यक्ष सर्वजीत सिंह खरवार, जिला मंत्री देवेंद्र साहनी सहित क्षेत्र के कई ग्राम प्रधान और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इसके अलावा वन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ संजय कुमार श्रीवास्तव और वन क्षेत्राधिकारी चंद्रप्रभा अखिलेश दुबे ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








