पहली अच्छी बरसात का दिखेगा असर : चंद्रप्रभा वन्य जीव बिहार में लौटी रौनक, बढ़ेगी सैलानियों की आमद

3 दिनों की बारिश ने चंद्रप्रभा वन क्षेत्र को किया हराभरा
गर्मी में सूख चुके झरनों में फिर से दौड़ी पानी की धार
राजदरी-देवदरी झरनों की रौनक लौटने से पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
चंदौली जिले में जून माह के द्वितीय पखवारे में मौसम के बदले मिजाज ने चंद्रप्रभा वन्य जीव बिहार की रौनक को बढ़ा दिया है। आसमान में छाए बादल व पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण मौसम जहां सुहाना हो गया है, वहीं भीषण गर्मी से व्याकुल वन्य जीवों की अटकी सांस में भी जान आ गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में मानसून ने साथ दिया तो सैलानियों की आमद बढ़ जाएगी।

दरअसल विंध्य पर्वत मालाओं की गोद में बसा चंद्रप्रभा वन्य जीव विहार 96 हजार हेक्टेअर क्षेत्रफल में फैला हुआ है। मीलों फैले जंगल में राजा को छोड़ अन्य प्रकार के वन्य जीवों की भरमार है। अप्रैल माह के द्वितीय पखवारे से ही गर्मी का पारा चढ़ने के कारण चंद्रप्रभा वन्य जीव बिहार की रौनक गायब हो गई थी। चिलचिलाती धूप व गर्मी के कारण पूर्वांचल का स्वर्ग कहे जाने वाले राजदरी व देवदरी से गिरने वाले झरनों का पानी सूख गया था। इससे सैलानियों की आमद तो कम हो ही गई थी, वन्य जीव भी प्यास से व्याकुल होने लगे थे। मई व जून माह में गर्मी का पारा 42 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के कारण भीषण गर्मी से सैलानी वन्य जीव बिहार की ओर अपना रुख ही नहीं कर रहे थे, लेकिन पिछले तीन दिनों से मानसून पूर्व बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। सुबह व शाम आसमान में छाए बादलों के कारण वन्य जीव बिहार की रौनक बढ़ गई है।

वन्य जीवों की संख्या
वर्तमान में चंद्रप्रभा वन्य जीव बिहार में गुलदार तेंदुआ 3, चिकारा 334, घड़रोज 315, सांभर 331, बारासिंघा 44, भालू 327, चीतल 572, सुअर 1663, बंदर 4560, लंगूर 1919, मगर 37, भेड़िया 13. लकड़बग्घा 292, लोमड़ी 406, सियार 1361, मोर 686 शाही की संख्या 251 है।
जून में पर्यटकों की सख्या नगण्य
चंद्रप्रभा वन्य जीव विहार में अप्रैल से मई तक कुल 610 पर्यटक आए। जून माह में पर्यटकों की संख्या नगण्य रही। इनसे वन विभाग को 30500 रुपये राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं बीते वर्ष अप्रैल में 750 व मई में 624 भारतीय पर्यटक आए थे।
इस संबंध में प्रभागीय वनाधिकारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि बारिश से वन्य जीव बिहार की रौनक बढ़ गई है। आने वाले दिनों में वन्य जीव बिहार में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*