जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

राजदरी-देवदरी जाने वाले सावधान, यहां है पुलिस की सख्त पहरेदारी, बिना आईडी कार्ड नहीं मिलेगी एंट्री

सावन के महीने में राजदरी-देवदरी जलप्रपात पर बढ़ती पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। अब वैध पहचान पत्र (आईडी) दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलेगा। छह प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग कर जांच की जा रही है।

 
 

राजदरी-देवदरी जलप्रपात पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त

बिना वैध पहचान पत्र प्रवेश पर लगी रोक

जलेबिया मोड़ और छह स्थानों पर बैरिकेडिंग

महिला सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में पुलिस

शराब, हुड़दंग और प्लास्टिक कचरा पूरी तरह प्रतिबंधित

चंदौली जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों चकिया और नौगढ़ में सावन के महीने के कारण पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। विशेष रूप से राजदरी और देवदरी जलप्रपात पर घूमने आने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से दुरुस्त और सख्त कर दिया है।

rajdari-devdari-waterfall-security-and-id-check

पहचान पत्र के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अब किसी भी पर्यटक को बिना वैध पहचान पत्र (जैसे पहचान पत्र/आईडी कार्ड) के जलप्रपात की ओर जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिसकर्मी मौके पर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का फोटो लेकर उनके वैध पहचान पत्र से सत्यापन कर रहे हैं। जिनके पास आईडी कार्ड नहीं है, उन्हें प्रवेश दिए बिना वापस भेज दिया जा रहा है।

छह मुख्य स्थानों पर बनाई गई बैरिकेडिंग
नौगढ़ के थाना प्रभारी रमेश यादव ने बताया कि राजदरी-देवदरी मार्ग पर सुरक्षा के लिहाज से छह स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। जलेबिया मोड़, जहां से जलप्रपात की चढ़ाई शुरू होती है, वहां से विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा सोनभद्र सीमा पर स्थित ब्रह्मपुल, कोईलरवां हनुमान मंदिर, नौगढ़ बांध मोड़ और जयमोहनी पोस्ता गहिला बाबा मार्ग पर भी पुलिस टीम तैनात की गई है।

महिला सुरक्षा और सख्त चेकिंग के इंतजाम
महिला पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जो पूरे इलाके में गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही हैं। नौगढ़ के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ प्राकृतिक धरोहर और स्वच्छता का संरक्षण करना भी है।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
झरनों के आसपास शराब पीना, तेज संगीत बजाना, हुड़दंग मचाना, प्लास्टिक का कचरा फैलाना या कोई भी अशोभनीय काम करना पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे अपना वैध पहचान पत्र साथ लाएं और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*