राजदरी जलप्रपात पर टूटी रेलिंग, पर्यटकों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
लगातार बारिश से उफनाया राजदरी जलप्रपात
किनारों पर लगी मजबूत रेलिंग अचानक टूटी
पर्यटकों की सुरक्षा पर मंडराया बड़ा खतरा
प्रशासन ने झरने के पास जाने पर लगाई रोक
चंदौली जिले में नौगढ़ तहसील का मशहूर पर्यटन स्थल राजदरी जलप्रपात इन दिनों खतरनाक साबित हो रहा है। लगातार बारिश से झरने में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि किनारों पर लगी मजबूत रेलिंग भी टूटकर गिर गई। टूटे हिस्सों से निकली लोहे की छड़ें हादसे को न्योता दे रही हैं। झरने पर घूमने आए सैलानियों के लिए यह स्थिति किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकती है।
आपको बता दें कि सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने राजदारी जलप्रपात के पास झरने के पास जाने पर रोक लगा दी है। चारों ओर पुलिस बल की तैनाती की गई है और जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिनमें साफ लिखा है कि “तेज बहाव के समय किनारे से दूर रहें और फोटो या सेल्फी लेने की कोशिश न करें।” रेंजर अखिलेश कुमार दुबे ने साफ कहा कि बारिश में झरनों का किनारा बेहद खतरनाक हो जाता है और पर्यटकों को हर हाल में सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खतरे की स्थिति कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने रेलिंग की मरम्मत को टाल दिया। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अधिकारी किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं? आदेश तो जारी किए गए हैं लेकिन बरसात का हवाला देकर काम शुरू नहीं किया गया। यह लापरवाही साबित करती है कि सुरक्षा के मामले में प्रशासन अब भी आधे-अधूरे इंतजामों पर ही निर्भर है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







