सपा सांसद छोटेलाल खरवार के पैतृक गांव मंगरही में 25 दिन से बिजली ठप, नहीं बदल रहा खराब ट्रांसफार्मर
सोनभद्र से सपा सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार के पैतृक गांव मंगरही में 25 दिन से बिजली गुल है। ट्रांसफार्मर न बदले जाने से भड़के ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी की और आंदोलन की चेतावनी दी।
सांसद के गांव में 25 दिन से अंधेरा
1912 पर शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं
पानी और बिजली के संकट से बेहाल ग्रामीण
विद्युत विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन
जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
एक तरफ सरकार प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली सप्लाई का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। सोनभद्र से सपा सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार के चंदौली जिले में स्थित पैतृक गांव मंगरही में पिछले 25 दिनों से पूरी तरह अंधेरा छाया हुआ है। 25 दिन बीत जाने के बाद भी यहां का खराब ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका है।
विभाग से लेकर 1912 तक लगाई गुहार, पर नहीं हुई सुनवाई
मंगरही गांव में ट्रांसफार्मर जलने की वजह से पूरी बिजली सप्लाई ठप पड़ी है। गांव के लोगों ने विद्युत विभाग के चक्कर काटने से लेकर हेल्पलाइन नंबर 1912 तक अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन अफसरों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। शिकायत के बावजूद अधिकारी फाइलें दबाकर बैठे हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष है।

सांसद के गांव का ये हाल, तो आम जनता का क्या होगा?
बिजली न रहने से परेशान ग्रामीणों ने खराब ट्रांसफार्मर के पास जमा होकर विद्युत विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गांव के रामकेर, विजय लाल, बलवंत, गुरु प्रसाद, दिलीप, बेंचू और अकबाल का कहना है कि जब एक सांसद के पैतृक गांव की यह दुर्दशा है, तो आम जनता की सुध कौन लेगा?
पानी का संकट और जंगली जानवरों का खौफ
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली न होने से पूरे गांव में पीने के पानी का भारी संकट पैदा हो गया है। लोगों के मोबाइल फोन बंद पड़े हैं और रात के समय अंधेरा रहने के कारण जहरीले जीवों व जंगली जानवरों का डर लगातार बना रहता है। लोग खौफ के साये में रात बिताने को मजबूर हैं।
बिजली विभाग का रटा-रटाया जवाब
इस पूरे मामले में जब विद्युत विभाग के अभियंता योगेंद्र पाल से बात की गई, तो उन्होंने "जल्द ही व्यवस्था ठीक कर दी जाएगी" का रटा-रटाया बयान देकर पल्ला झाड़ लिया। उधर, परेशान ग्रामीणों ने साफ कह दिया है कि अगर जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को विवश होंगे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








