नौगढ़ में महिला को सांप ने काटा तो पति ने तेजी दिखाकर बचा ली जान
पशुओं के लिए खेत में चारा काटने गई थी महिला को सांप ने डंसा
झाड़-फूंक कराने की पति ने नहीं दी इजाजत
इलाज के लिए सीधे लेकर पहुंचा अस्पताल
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में मवेशियों के लिए चारा काट रही महिला को जहरीले सर्प ने काट लिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने झाड़-फूंक कराने की सलाह दी, लेकिन पति ने समझदारी दिखाते हुए मना कर दिया और 108 एंबुलेंस की मदद से सीधे अस्पताल पहुंचाया। समय पर मिले एंटी स्नेक वेनम से महिला की जान बच गई।
आपको बता दें कि नौगढ़ थाना क्षेत्र के देवखत गांव की मंशा पत्नी रामप्रसाद खेत में मवेशियों के लिए घास काट रही थीं। तभी अचानक झाड़ियों से निकले जहरीले सर्प ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के बाद महिला का शरीर सुन्न पड़ गया, मुंह से झाग निकलने लगा और वह खेत में ही अचेत होकर गिर गईं।
झाड़-फूंक की जगह पहुंचाया अस्पताल
काफी देर तक घर न लौटने पर पति रामप्रसाद खेत पहुंचा तो पत्नी को मूर्छित हालत में देखकर घबरा गया। लोगों ने झाड़-फूंक कराने की सलाह दी, लेकिन रामप्रसाद ने साफ मना कर दिया। उसने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को बुलाया और ग्रामीणों की मदद से पत्नी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया।
डॉक्टरों ने दिया एंटी स्नेक वेनम
सीएचसी नौगढ़ के डॉक्टर चंद्र कुमार ने महिला को प्राथमिक उपचार कर एंटी स्नेक वेनम का डोज लगाया। करीब एक घंटे बाद महिला को होश आ गया, हालांकि उन्हें अब भी चक्कर आने की शिकायत रही। डॉक्टरों ने कहा कि अगर हालत में सुधार नहीं हुआ तो बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।
सर्पदंश के मामलों में अक्सर लोग झाड़-फूंक का सहारा लेते हैं, जिससे मरीज की जान पर खतरा बढ़ जाता है। मंशा के पति ने इस कुप्रथा को नकारते हुए अस्पताल का सहारा लिया, जिसके चलते उनकी पत्नी की जान बच सकी।
नौगढ़ और आसपास के गांवों में पिछले कुछ दिनों से सांप काटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खेतों और झाड़ियों में काम करने वाले किसानों व महिलाओं को हमेशा खतरा बना रहता है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि लोग खेतों में सतर्क रहें और सर्पदंश की स्थिति में बिना समय गंवाए सीधे अस्पताल पहुंचें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








