नौगढ़ में SSO को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर
बिजलीकर्मी को पिकअप ने मारी है जोरदार टक्कर
घायल अवस्था में ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर किए गए
छुट्टी से वापस लौटकर नौगढ़ ड्यूटी पर आ रहे थे एसएसओ
नौगढ़ इलाके के देवखत गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा
चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में मंगलवार सायंकाल एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें विद्युत विभाग के एसएसओ धनंजय शर्मा (54 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वे छुट्टी से वापस आने के बाद नौगढ़ में ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे थे। इसी दौरान देवखत गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के पुर्जे दूर-दूर तक बिखर गए।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद बाइक समेत कई मीटर तक घसीटता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप ने टक्कर मारने के बाद बाइक और घायल को कई मीटर तक घसीटा। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और स्थिति देखकर सहम गए। हेलमेट टूट चुका था और धनंजय शर्मा बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़े मिले। हादसे की तीव्रता का अंदाजा सड़क पर बने गहरे घसीटने के निशानों और बिखरे हुए बाइक पार्ट्स से लगाया जा सकता है। चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया।
CHC नौगढ़ से गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर
ग्रामीणों की सतर्कता से घायल को तुरंत सड़क किनारे से उठाकर सुरक्षित स्थान पर लाया गया। 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल धनंजय शर्मा को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ डॉ. सत्या सिंह व मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार किया। सिर, छाती व पैरों पर गहरी चोटों के कारण उन्हें तुरंत वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक है।
वाहन कब्जे में, चालक फरार
नौगढ़ पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। उधर चालक की पहचान की जा चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर रफ्तार नियंत्रण और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






