नौगढ़ तहसील के लेड़हा जंगल में आकाशीय बिजली का कहर: 4 भैंसों की दर्दनाक मौत, SDM ने दिया मुआवजे का आश्वासन
चंदौली के नौगढ़ में लेड़हा जंगल के पास आकाशीय बिजली गिरने से एक पशुपालक की 4 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 गंभीर रूप से झुलस गई। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कराया।
लेड़हा जंगल में गिरी आकाशीय बिजली
4 भैंसों की मौके पर मौत
पशुपालक विक्रमा यादव को भारी नुकसान
एसडीएम और पशु चिकित्साधिकारी पहुंचे मौके पर
पीड़ित पशुपालक को मिलेगी आर्थिक सहायता
चंदौली जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। नौगढ़ तहसील क्षेत्र के लेड़हा जंगल में गुरुवार की देर शाम अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में चार भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। यह घटना शहाबगंज थाना क्षेत्र के राममाडो गांव से जुड़ी हुई है, जिससे इलाके के पशुपालकों में दहशत और शोक का माहौल है।
चराने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, राममाडो गांव के रहने वाले विक्रमा यादव रोज की तरह अपनी करीब 30 भैंसों को जंगल में चराने के लिए ले गए थे। शाम के वक्त उन्होंने सभी भैंसों को लेड़हा जंगल में बने एक अस्थायी बाड़े (अडार) में बांध रखा था। इसी बीच रिमझिम बारिश शुरू हो गई और तेज चमक व गरज के साथ आकाशीय बिजली सीधे बाड़े पर जा गिरी, जिससे 4 भैंसों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की खबर फैलते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अमर चंद्र वर्मा और पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और उनकी मौजूदगी में ही मृत भैंसों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई गई, ताकि नियमानुसार कागजी कार्रवाई पूरी की जा सके।
पीड़ित पशुपालक को मिलेगी आर्थिक मदद
इस हादसे में पशुपालक विक्रमा यादव को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अमर चंद्र वर्मा ने बताया कि पीड़ित पशुपालक के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शासन के नियमानुसार पूरी रिपोर्ट तैयार कर पीड़ित को सरकारी सहायता राशि (मुआवजा) जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







