नौगढ़ में दूध उबल रहे कढ़ाई में गिरा छोटे लाल, झुलसने के बाद जिला अस्पताल रेफर
नैया मरम्मत कर रहे विकास बिंद के पैर पर गिरा तारकोल
दो अलग-अलग गांवों में हुयी दर्दनाक घटना
दोनों को जिला अस्पताल किया गया है रेफर
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में गुरुवार का दिन दो परिवारों के लिए खौफ का दिन साबित हुआ। दो अलग-अलग गांवों में उबलते दूध और गर्म तारकोल से हुए डरावने हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों घटनाओं ने इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
खोवा बना रहा था छोटेलाल
नौगढ़ थाना क्षेत्र के मरवटिया गांव में छोटेलाल अपने घर में बड़ी कढ़ाई में दूध से खोवा बना रहा था। दूध इतना खौल रहा था कि भाप दूर तक महसूस हो रही थी। इसी दौरान वह पानी लेने के लिए मुड़ा, लेकिन जैसे ही कदम बढ़ाया—पैर फिसला और वह सीधे उबलती कढ़ाई में जा गिरा। गरम दूध ने उसके पेट और दोनों हाथों को बुरी तरह झुलसा दिया। तेज चीख सुनकर घर के लोग दौड़े और देखा कि छोटेलाल दर्द से तड़पते हुए अचेत पड़ा है।
108 एंबुलेंस पर लादकर उसे सीएससी ले जाया गया। दोनों हाथों की गंभीर जलन और मांसपेशियों के झुलस जाने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

नाव की मरम्मत कर रहे विकास के पैर पर गिरा गरम तारकोल
दूसरी घटना बाघी पंचायत के नैया घाट बस्ती की है। यहां विकास बिंद नाव की मरम्मत कर रहा था। मिट्टी के बर्तन में तारकोल गर्म कर वह नाव पर लगा रहा था। ठीक उसी समय संतुलन बिगड़ा और उसका पांव सीधे उबलते तारकोल में धंस गया। तारकोल की जलन इतनी तीव्र थी कि विकास मौके पर ही जमीन पर लोटने लगा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। ग्रामीण दौड़कर पहुंचे और खेत में काम कर रहे उसके माता-पिता को बुलाया। उसे तुरंत निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉ. सुनील सिंह ने उपचार किया। इसके बाद उसकी हालत सामान्य बताते हुए तीन दिन पर ड्रेसिंग के लिए बुलाते हुए छुट्टी दे दी।
लगातार दो हादसों ने क्षेत्र में चिंता का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों घटनाएँ इतनी अचानक और भयावह थीं कि घरों में बैठे लोग भी घबरा गए।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







