चकरघट्टा में फिल्मी अंदाज में वारदात: 4 बाइकों पर आए 5 बदमाशों ने मुंशी का सिर फोड़कर की बड़ी लूट, जांच में जुटी पुलिस
विनीत सिंह के मुंशी से बड़ी लूट
कनपटी पर पिस्टल सटाकर छीनी नकदी
गले से सोने की चेन भी नोची
विरोध करने पर बट से फोड़ा सिर
चकरघट्टा पुलिस जांच में जुटी
चन्दौली जिले के नौगढ़ सर्किल अंतर्गत चकरघट्टा थाना क्षेत्र में सोमवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन पुलिया के पास पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाशों ने वहां मौजूद मुंशी की कनपटी पर सीधे पिस्टल सटा दी।
हमलावर कुछ ही मिनटों में मजदूरों के भुगतान के लिए रखे करीब डेढ़ लाख रुपये, मुंशी के गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े घने इलाके के पास हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र के ठेकेदारों और मजदूरों में दहशत का माहौल है।
विरोध करने पर पिस्टल की बट से फोड़ा सिर
घटना नौगढ़-धनकुंवारी मार्ग पर सोनभद्र बॉर्डर के पास महादेवा चौघड़ा मार्ग की है। चन्दौली के रामपुरवा जगदीश सराय निवासी प्रदीप कुमार यादव ने पुलिस को बताया कि वह ठेकेदार विनीत सिंह के निर्माण कार्य की देखरेख करते हैं। सोमवार को वह मजदूरों की मजदूरी और पोकलेन मशीन के डीजल खर्च के लिए रकम लेकर पहुंचे थे।

वहां मौजूद मुंशी राममूरत यादव जब काम का निरीक्षण कर रहे थे, तभी चार बाइकों पर सवार होकर पांच बदमाश वहां आ धमके। बदमाशों ने मुंशी को घेरकर उनकी कनपटी पर गन रख दी और रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। जब मुंशी राममूरत ने इसका विरोध किया, तो बेखौफ बदमाशों ने पिस्टल की बट से मारकर उनका सिर फोड़ दिया और नकदी व चेन लेकर रफूचक्कर हो गए।
एक आरोपी की हुई पहचान, पुलिस खंगाल रही कड़ियां
इस खूनखराबे और लूटपाट के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और डर के मारे कुछ मजदूर जंगल की तरफ भाग गए। घायल मुंशी राममूरत यादव ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में से एक युवक सोनभद्र जिले के नकपुर गांव का रहने वाला छोटू यादव था, जबकि बाकी चार अज्ञात थे।
इस संबंध में चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि जिस युवक छोटू यादव पर आरोप लगाया जा रहा है, वह घटना के बाद शराब के नशे की हालत में मिला है। पुलिस उसके बयानों और मामले से जुड़ी कड़ियों का गहराई से सत्यापन कर रही है। बहुत जल्द इस पूरी वारदात का सच सामने ला दिया जाएगा।

लूट से बड़ा सवाल: किसने की थी मुखबिरी?
इस पूरी वारदात के बाद अब इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर बदमाशों को कैसे पता चला कि ठीक उसी समय मजदूरों के भुगतान की भारी-भरकम रकम वहां आने वाली है? रकम पहुंचने के चंद मिनटों बाद ही बदमाशों का वहां धावा बोल देना इस बात की तरफ साफ इशारा कर रहा है कि इसके पीछे किसी करीबी ने मुखबिरी की है या फिर बदमाश पहले से रेकी कर रहे थे। पुलिस अब इसी मुख्य बिंदु को केंद्र में रखकर अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








