महिलाओं के लिए खुशखबरी : हर जिले में बनेगी आदर्श महिला ग्राम पंचायत, सरकार की नई पहल

महिला पंचायत प्रतिनिधियों के लिए कार्यशालाओं का आयोजन
महिला सशक्तिकरण की दिशा में पंचायती राज मंत्रालय की नई पहल
सफल महिला पंचायत नेताओं को मिलेगा सम्मान
सरकार पंचायती राज संस्थाओं (पीआरआई) के तीनों स्तरों की महिला प्रतिनिधियों के लिए कार्यशाला आयोजित करने जा रही है। इसका उद्देश्य हर जिले में कम से कम एक आदर्श महिला-अनुकूल ग्राम पंचायत विकसित करना है।
आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस यानी आठ मार्च से पहले, 1,200 से अधिक महिला पंचायत प्रतिनिधि महिलाओं के नेतृत्व वाले स्थानीय निकाय पर आयोजित कार्यशाला में भाग लेंगी। पंचायती राज मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि कार्यशालाएं 4-5 मार्च को आयोजित की जाएंगी। ये कार्यशालाएं स्थानीय निकाय में महिला निर्वाचित प्रतिनिधियों (डब्ल्यूईआर) की महत्वपूर्ण भूमिका पर ध्यान केंद्रित करेंगी।
बताते चलें कि इसके साथ ही उनके नेतृत्व को बढ़ाने और निर्णय लेने में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज मंत्रालय के रणनीतिक रोडमैप पर चर्चा होगी। कार्यशालाओं में पंचायतों में उत्कृष्ट महिला नेताओं को सम्मानित किया जाएगा। पंचायती राज मंत्रालय ने राज्यों से आग्रह किया है कि वे इस कार्यशाला और सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल में जहां भी संभव हो, महिला अधिकारियों को शामिल करें। पांच मार्च को आदर्श महिला-हितैषी ग्राम पंचायतों का राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि देश के प्रत्येक जिले में कम से कम एक आदर्श ग्राम पंचायत विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने के लिए सभी पंचायतों में एक राष्ट्रव्यापी महिला ग्राम सभा का आयोजन करने का आह्वान किया गया है।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*