मॉडल यूथ ग्राम सभा: चंदौली के आशुतोष सिंह और आशुतोष जयसवाल का चयन, प्रगति मैदान में बढ़ायेंगे जिले का मान
चंदौली जनपद के दो ग्राम प्रधानों का चयन दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले 'मॉडल यूथ ग्राम सभा' के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह के लिए हुआ है। ये जन प्रतिनिधि 28 जनवरी को राष्ट्रीय मंच पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भारत मंडपम में राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह
चंदौली के दो ग्राम प्रधान चयनित
28 जनवरी को दिल्ली में कार्यक्रम
प्रहलादपुर और मवैया प्रधानों का गौरव
मॉडल यूथ ग्राम सभा में प्रतिभाग
चंदौली जनपद के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि यहाँ की ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) चन्दौली द्वारा जारी एक आधिकारिक पत्र के अनुसार, जनपद के दो सक्रिय ग्राम प्रधानों का चयन 28 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 'मॉडल यूथ ग्राम सभा' के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह के लिए किया गया है। यह भव्य कार्यक्रम प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा।
चयनित जन प्रतिनिधियों के बारे में
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के लिए चंदौली से जिन दो जन प्रतिनिधियों को चुना गया है, उनमें धानापुर और चकिया विकास खंड के ग्राम प्रधान शामिल हैं। पहले प्रतिभागी आशुतोष कुमार सिंह (पुत्र मुन्ना सिंह) हैं, जो धानापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत प्रहलादपुर डबरियां के प्रधान हैं। वहीं, दूसरे प्रतिभागी के रूप में चकिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत मवैया के प्रधान आशुतोष जायसवाल (पुत्र दिलीप कुमार जायसवाल) दिल्ली के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम सुबह 10:00 बजे से शुरू होकर शाम 04:25 बजे तक चलेगा, जिसमें देश भर के चुनिंदा प्रतिनिधि शिरकत करेंगे।
प्रशासनिक निर्देश पर की गयी तैयारियां
जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश के पंचायती राज निदेशक को सूचित कर दिया है। साथ ही, संबंधित सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देशित किया गया है कि वे दोनों ग्राम प्रधानों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें।
कहा जा रहा है कि यह आयोजन न केवल इन प्रधानों की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह चंदौली में जमीनी स्तर पर हो रहे सुधारात्मक कार्यों का प्रमाण भी है। इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले के युवा जन प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने विचार साझा करने और नई तकनीकें सीखने का अवसर मिलेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







