जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

रहपुरी गांव के ग्राम सचिवालय पर लटका रहता है ताला, ग्रामीणों का आरोप- दो साल से MP में दुकान चला रहे ग्राम प्रधान

चंदौली के बरहनी ब्लॉक स्थित रहपुरी गांव के ग्राम सचिवालय पर अक्सर ताला लटका रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान दो साल से बाहर रहते हैं, जिससे काम ठप हैं।
 

ग्राम सचिवालय पर अक्सर लटका रहता ताला

दो साल से बाहर रहते ग्राम प्रधान

प्रमाणपत्र बनवाने को भटक रहे ग्रामीण

सार्वजनिक शौचालय बंद, गलियों में फैली गंदगी

बीडीओ ने समस्याओं की जांच का दिया भरोसा

चंदौली जिले के बरहनी विकासखंड के सबल जलालपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत रहपुरी गांव में स्थित ग्राम सचिवालय पर अक्सर ताला लटका रहता है। सरकारी भवन के नियमित न खुलने से स्थानीय ग्रामीणों को पंचायत से जुड़े जरूरी कामकाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के निवासी नंदलाल यादव, मुलायम यादव और समारू यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान मध्य प्रदेश में अपनी दुकान खोलकर रहते हैं। प्रधान की गैरमौजूदगी के चलते ग्राम पंचायत के विकास कार्य और आम लोगों की समस्याओं का समाधान पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

प्रमाणपत्र बनवाने के लिए भटक रहे ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान करीब दो वर्षों से गांव से बाहर रह रहे हैं। वहीं, ग्राम सचिवालय भी सप्ताह में कभी-कभार ही पंचायत सहायक द्वारा खोला जाता है। सचिवालय बंद रहने की वजह से ग्रामीणों को परिवार रजिस्टर की नकल, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव में साफ-सफाई की व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है और गांव की गलियां गंदगी से पटी हुई हैं, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

सार्वजनिक शौचालय पर भी जड़ा है ताला
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सचिवालय के ठीक बगल में बना सार्वजनिक शौचालय भी लंबे समय से बंद पड़ा है। शौचालय पर ताला लटकने के कारण गांव की महिलाओं को इसका कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है और उन्हें मजबूरन परेशानी झेलनी पड़ रही है। देखरेख के अभाव में सचिवालय और शौचालय के आसपास के परिसर में महिलाएं उपले और गोबर रखती हैं। इससे लाखों रुपये की लागत से बने सरकारी भवन और सार्वजनिक सुविधाओं का मूल उद्देश्य ही खत्म होता नजर आ रहा है।


बीडीओ ने दिया  व्यवस्था सुधारने का आश्वासन
गांव की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खंड विकास अधिकारी से मांग की है कि ग्राम सचिवालय को नियमित रूप से खुलवाया जाए, बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय को जल्द चालू कराया जाए और गांव में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस पूरे मामले पर बरहनी के खंड विकास अधिकारी शरद चंद्र शुक्ला ने कहा कि इस समय ग्राम प्रधान फ्री हैं और गांव की जो भी समस्याएं सामने आई हैं, उन्हें ग्राम पंचायत अधिकारियों के माध्यम से दिखवाया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*