जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

स्मार्ट मीटर की 'लूट' के खिलाफ अंजनी सिंह का शंखनाद: 9 अप्रैल को सकलडीहा तहसील पर विशाल धरना प्रदर्शन

स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही कथित लूट और मुंसफ न्यायालय की जमीन अधिग्रहण जैसे मुद्दों को लेकर जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने 9 अप्रैल को सकलडीहा तहसील पर एक दिवसीय धरने का ऐलान किया है।

 
 

स्मार्ट मीटर को तत्काल हटाने की मांग

बिजली बिल भुगतान के दो विकल्प देने की अपील

सकलडीहा में मुंसफ न्यायालय हेतु जमीन की मांग

बांस-बल्लियों के सहारे बिजली से मुक्ति की गुहार

9 अप्रैल को सकलडीहा तहसील चलो का आह्वान

चंदौली जिले में बिजली विभाग की कथित मनमानी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर जन-आक्रोश बढ़ने लगा है। धानापुर सेक्टर 3 के जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने स्मार्ट मीटर के नाम पर हो रही 'लूट' और मुंसफ न्यायालय की स्थापना में हो रही देरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आगामी 9 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे सकलडीहा तहसील परिसर में एक दिवसीय विशाल धरने का ऐलान किया है।

स्मार्ट मीटर और बिजली बिल पर कड़ा प्रहार
अंजनी सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि स्मार्ट मीटरों को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुराने बिजली मीटरों को वापस लगाया जाए। उन्होंने बिजली बिल भुगतान के लिए दो प्रारूपों—'फिक्स मासिक बिल' या 'पुराने मीटर के अनुसार भुगतान'—की च्वाइस जनता को देने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने जिले के उन मजरों और घरों का सर्वे कराकर विद्युत पोल पहुँचाने की मांग की है जहाँ आज भी लोग बांस-बल्लियों के सहारे बिजली जलाने को मजबूर हैं।

मुंसफ न्यायालय के लिए भूमि अधिग्रहण की मांग
धरना प्रदर्शन का एक मुख्य एजेंडा सकलडीहा में मुंसफ न्यायालय का निर्माण भी है। अंजनी सिंह का कहना है कि जब तक न्यायालय भवन के लिए जमीन अधिग्रहीत नहीं कर ली जाती, तब तक तहसील परिसर में ही न्यायालय संचालन की प्रक्रिया शुरू की जाए।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 'सकलडीहा तहसील चलो' अभियान का हिस्सा बनें ताकि प्रशासन तक जनता की आवाज मजबूती से पहुँचाई जा सके। इस धरने के माध्यम से जिले की कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढाँचे में सुधार की पुरजोर मांग की जाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*