जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मोहरगंज ब्लास्ट का आरोपी धीरेंद्र सिंह पहुंचा सत्ता के शीर्ष तक? डिप्टी सीएम से मुलाकात की कथित फोटो से चंदौली में मचा हड़कंप

चंदौली के मोहरगंज बम ब्लास्ट के नामजद आरोपी धीरेंद्र सिंह की उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री संग एक कथित फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। इसके बाद से जिले की सियासत और पुलिसिया कार्रवाई पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 
 

बम ब्लास्ट आरोपी की फोटो वायरल

डिप्टी सीएम संग मुलाकात की चर्चा

विपक्ष ने कानून-व्यवस्था को घेरा

बलुआ पुलिस की विवेचना जारी

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के बहुचर्चित मोहरगंज बम ब्लास्ट मामले में नामजद मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह उर्फ अंकित की एक कथित फोटो उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद से पूरे जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

तस्वीर वायरल होने के बाद विपक्षी दलों और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने सूबे की कानून-व्यवस्था को लेकर तीखे सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। आम जनता के बीच पुलिस की कार्यशैली और निष्पक्षता को लेकर भी तरह-तरह की बातें की जा रही हैं।

गंभीर धाराओं में दर्ज है केस, जांच प्रभावित होने की जनता को आशंका
आपको बता दें कि मोहरगंज में हुए इस बम ब्लास्ट प्रकरण में धीरेंद्र सिंह उर्फ अंकित, खुशबू किन्नर और उनके कुछ अन्य साथियों के खिलाफ आपराधिक साजिश रचने समेत कई बेहद गंभीर धाराओं में बलुआ थाने में मुकदमा दर्ज है। ऐसे में एक संगीन मामले के आरोपी की सत्ता के इतने बड़े और शीर्ष नेता के साथ कथित मुलाकात की फोटो सामने आने से लोग हैरान हैं।

स्थानीय लोगों और विरोधियों का सीधा आरोप है कि इतना बड़ा आरोपी सत्ता पक्ष के बड़े नेताओं तक अपनी पहुंच बनाकर पुलिसिया जांच और विवेचना को प्रभावित करने की कोशिश कर सकता है। इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर भी लगातार कमेंट्स और बहस का दौर बेहद तेज हो गया है।

बलुआ थाना प्रभारी की दो टूक: कानून अपना काम कर रहा है, साक्ष्यों पर होगी कार्रवाई
इस पूरे सियासी और सामाजिक बवाल के बीच पुलिस प्रशासन ने भी अपना रुख साफ कर दिया है। पूरे मामले पर बलुआ थाना प्रभारी (SHO) अरुण प्रताप सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि मोहरगंज बम ब्लास्ट जैसे गंभीर मामले में पुलिस पूरी तरह से नियम और कानून के दायरे में रहकर अपनी कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने आगे बताया कि इस केस की हर पहलू से गहराई से विवेचना की जा रही है। सोशल मीडिया पर क्या वायरल हो रहा है, इससे इतर पुलिस केवल तथ्यों और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। फिलहाल इस वायरल फोटो ने जिले की राजनीति में पूरी तरह से गर्माहट ला दी है और अब देखना यह होगा कि इस मामले में पुलिस आगे क्या कदम उठाती है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*