बसपा ने चंदौली में संगठन को मजबूत करने पर दिया जोर, बूथ स्तर तक विस्तार की रणनीति पर हुई चर्चा
सैयदराजा विधानसभा के कमालपुर में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक
मंडल प्रभारी अवनीश कुमार और लक्ष्मण प्रसाद ने दिए टिप्स
जिला अध्यक्ष घनश्याम प्रधान ने कार्यकर्ताओं से की अपील
चंदौली जिले में आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार, 26 अगस्त 2025 को चंदौली जिले की सैयदराजा विधानसभा के कमालपुर में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संगठन के विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर गहन चर्चा हुई।
शीर्ष पदाधिकारियों ने लिया हिस्सा
बैठक में वाराणसी मंडल प्रभारी अवनीश कुमार और लक्ष्मण प्रसाद, जिला अध्यक्ष घनश्याम प्रधान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पार्टी जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करे और आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार रहे।

इस अवसर पर बसपा समर्थित प्रत्याशी स्वतंत्र प्रकाश दुबे, जिला कार्यकारी सदस्य मुरलीधर, जिला सचिव राजीव कुमार, विधानसभा अध्यक्ष उमाकांत, उपाध्यक्ष मोहम्मद फरीद अली एडवोकेट, महासचिव अछैबर बिंद, विधानसभा प्रभारी श्री भगवान, सचिव संजय प्रधान, प्रभारी महेंद्र चौहान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का निर्देश
बैठक में धानापुर और ओदरा सहित विभिन्न सेक्टरों के अध्यक्ष और कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। मंडल प्रभारी अवनीश कुमार ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना सबसे महत्वपूर्ण है।
बैठक में आने वाले चुनाव की तैयारियों पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। यह बैठक इस बात का संकेत है कि बसपा आगामी राजनीतिक मुकाबले के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में लगी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








