जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में भाजपा का नारी सम्मेलन: विपक्षी दिग्गजों का फूंका पुतला, महिला आरक्षण पर आर-पार की जंग

 चंदौली में भाजपा ने 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के समर्थन में विशाल सम्मेलन आयोजित किया। इसमें राज्यसभा सांसदों ने महिला आरक्षण बिल का विरोध करने पर विपक्ष को घेरते हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव का पुतला दहन किया और जन आक्रोश मार्च निकाला।

 
 

निजी नर्सिंग कॉलेज में नारी सम्मेलन

विपक्ष के खिलाफ जन आक्रोश मार्च

राहुल और अखिलेश का पुतला दहन

आरक्षण लागू करने का सरकारी संकल्प

सांसदों द्वारा विपक्षी चरित्र का पर्दाफाश

चंदौली जिला मुख्यालय स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज में सोमवार को भाजपा द्वारा 'नारी सशक्तीकरण वंदन अधिनियम' को लेकर एक भव्य महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया।  इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिला आरक्षण बिल के महत्व को बताना और इसका विरोध करने वाले विपक्षी दलों की नीतियों को जनता के सामने उजागर करना था। कार्यक्रम का नेतृत्व जिले के प्रभारी मंत्री संजीव गोड़ ने किया।

Image

सांसदों ने विपक्ष पर साधा तीखा निशाना 
सम्मेलन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वालों को देश की आधी आबादी कभी माफ नहीं करेगी।  उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाएं अब जागरूक हैं और अपना अधिकार लेकर रहेंगी।  वहीं, दूसरी राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार इसे 2029 तक लागू करने के लिए प्रयासरत थी, लेकिन विपक्ष के अड़ंगों के कारण इसे समय पर पूरा करने में बाधा आई।  उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीतिक कारणों से इस ऐतिहासिक बिल का समर्थन नहीं कर रहा है।

जन आक्रोश मार्च और पुतला दहन 
सम्मेलन के समापन के बाद, भारी संख्या में महिलाओं ने प्रभारी मंत्री और सांसदों के नेतृत्व में एक विशाल 'जन आक्रोश मार्च' निकाला।
 इस दौरान विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।  प्रदर्शन के अंत में आक्रोशित महिलाओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला दहन किया।  प्रभारी मंत्री संजीव गोड़ ने दावा किया कि इस विरोध से विपक्षी दलों का महिला विरोधी चरित्र उजागर हो गया है और आने वाले समय में उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी 
इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य, जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, किरन शर्मा, सुषमा गिरी, रेनू तिवारी और डॉ. केएन पांडेय सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और महिला पदाधिकारी उपस्थित रहीं।  सभी ने एकजुट होकर महिला अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*