अयोध्या राम मंदिर में 'चढ़ावा चोरी' के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, 7 जुलाई को चंदौली में निकलेगा 'गद्दी छोड़ मार्च'
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में हुए कथित चढ़ावा चोरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी चंदौली 7 जुलाई को 'शुद्धि बुद्धि पदयात्रा' और 'चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़' मार्च निकालेगी। बैठक में आंदोलन की पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
चंद्र त्रिपाठी भवन में हुई बैठक
7 जुलाई को शुद्धि बुद्धि पदयात्रा
लगभग 5 हजार करोड़ की चोरी का आरोप
मंदिरों का संचालन शंकराचार्यों को देने की मांग
11 जुलाई को प्रयागराज जाएंगे कार्यकर्ता
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित रूप से हुए चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मियां बेहद तेज हो गई हैं। इस गंभीर मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिला मुख्यालय स्थित चंद्रा त्रिपाठी भवन में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि आगामी 7 जुलाई को पूरे जिले में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी इस कथित घोटाले के खिलाफ 'शुद्धि बुद्धि पदयात्रा' और 'चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़' मार्च निकालकर सीधे सरकार की नीतियों की पोल खोलेगी।

5 हजार करोड़ से अधिक की चोरी की आशंका
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह 'मुन्ना' ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक आदेश के बाद बने भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण का पूरा श्रेय लेने वाली भाजपा सरकार को अब मंदिर परिसर में हुए इस कथित भारी घोटाले और चोरी की पूरी जिम्मेदारी भी अपने सिर लेनी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने प्राप्त सूचनाओं का हवाला देते हुए एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के चढ़ावे से लगभग 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक की भारी-भरकम नकदी और बहुमूल्य आभूषणों की चोरी होने की आशंका है। इस बड़ी घटना ने पूरी दुनिया के सामने हिंदुओं की आस्था और देश की साख को भारी ठेस पहुंचाई है।
मठ और मंदिरों का संचालन चारों शंकराचार्यों को सौंपने की उठी मांग
कांग्रेस नेताओं ने इस बात पर विशेष नाराजगी जताई कि धार्मिक स्थलों का राजनीतिकरण किया जा रहा है, जिससे ऐसी अनियमिताएं सामने आ रही हैं। बैठक के दौरान पार्टी की तरफ से एक बड़ी मांग उठाई गई कि देशभर के सभी प्रमुख ऐतिहासिक मंदिरों और मठों के संचालन व प्रबंधन का पूरा अधिकार राजनीतिक कमेटियों के बजाय चारों पीठों के पूज्य शंकराचार्यों को सौंप दिया जाना चाहिए।
शंकराचार्यों के मार्गदर्शन में ही मंदिरों की व्यवस्था चलाई जानी चाहिए ताकि आस्था के केंद्रों की पवित्रता और सुरक्षा पूरी तरह से अक्षुण्ण बनी रहे।
11 जुलाई को प्रयागराज में राहुल गांधी की सभा में शामिल होंगे कार्यकर्ता
इस विरोध प्रदर्शन के अलावा, बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी गहन चर्चा की गई। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी 11 जुलाई को प्रयागराज में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एक विशाल जनसभा होने जा रही है।
इस सभा को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए चंदौली जिले से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता प्रयागराज कूच करेगी। बैठक में ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए गांवों में जनसंपर्क तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








