जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली मझवार स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर AAP का हल्ला बोल, आज होगा बड़ा प्रदर्शन

चंदौली मझवार स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और अमृत भारत योजना में भ्रष्टाचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी आज 15 सितंबर को जोरदार प्रदर्शन करने जा रही है। जानिए क्या हैं जनता की प्रमुख मांगें!
 

चंदौली मझवार स्टेशन पर आप का प्रदर्शन

प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की मांग

अमृत भारत स्टेशन योजना में जांच की मांग

दिव्यांगों के लिए एक्सेलेटर सुविधा की मांग

चंदौली मझवार रेलवे स्टेशन पर प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग अब तूल पकड़ने लगी है। आम आदमी पार्टी (AAP) की ओर से आज यानी 15 सितंबर को सुबह 11 बजे स्टेशन परिसर में एक विशाल प्रदर्शन का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने इसे चंदौली के आम नागरिकों के हक और सुविधा की लड़ाई बताया है।

वरिष्ठ नेताओं का मिला समर्थन
यह प्रदर्शन आम आदमी पार्टी चंदौली के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह और सोशल मीडिया अध्यक्ष संदीप सिंह की अगुवाई में आयोजित किया जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि इस जनआंदोलन को राज्यसभा सांसद संजय सिंह और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का भी पूरा समर्थन हासिल है।

भ्रष्टाचार की जांच और सुविधाओं की मांग
इस प्रदर्शन के जरिए पार्टी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कामों में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग कर रही है। इसके साथ ही दिव्यांग यात्रियों के लिए ट्रैक पार करने की आसान व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पर एक्सेलेटर (चलती सीढ़ियां), हर प्लेटफॉर्म पर शौचालय और बाहर टिकट बुकिंग काउंटर की मांग रखी गई है।

इन प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग
आप नेताओं ने एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की सूची में सियालदह एक्सप्रेस, हावड़ा सुपर एक्सप्रेस, गंगा-सतलज एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी एक्सप्रेस और मुंबई-हावड़ा मेल सहित कई मुख्य ट्रेनों को शामिल किया है। पार्टी का कहना है कि इन ट्रेनों के रुकने से स्थानीय यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।

पार्टी ने की जनता से शामिल होने की अपील
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने साफ किया कि उनका मकसद भीख मांगना नहीं, बल्कि चंदौली की जनता को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर 15 सितंबर को सुबह 11 बजे चंदौली मझवार स्टेशन पहुंचकर इस प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*