चंदौली मझवार स्टेशन पर AAP का जोरदार धरना, मांगें न पूरी होने पर 'रेल रोको' आंदोलन की चेतावनी
चंदौली मझवार स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं के लिए आम आदमी पार्टी ने धरना दिया। 100 दिन में मांगें पूरी न होने पर 20 सितंबर के बाद रेल रोको आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
चंदौली मझवार स्टेशन पर AAP का धरना
ट्रेनों के ठहराव के लिए 100 दिन का अल्टीमेटम
अमृत भारत योजना की सुविधाओं पर सवाल
मांगें न मानने पर 'रेल रोको' की चेतावनी
चंदौली जिले के चंदौली मझवार स्टेशन पर रेल यात्रियों की गंभीर समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर मंगलवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्टेशन परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव न होने पर गहरा आक्रोश जताया और रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान यात्रियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए 100 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया।

महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि चंदौली मझवार स्टेशन से रोजाना सैकड़ों यात्री सफर करते हैं। इसके बावजूद यहां गंगा-सतलज एक्सप्रेस और एकात्मता एक्सप्रेस जैसी मुख्य ट्रेनों का ठहराव नहीं है। यात्रियों को इन ट्रेनों को पकड़ने के लिए दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है, जिससे उनका समय और पैसा दोनों अतिरिक्त खर्च होता है।

अमृत भारत योजना और स्टेशन परिसर की समस्याएं
धरने के दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए गए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का निर्माण और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, फिर भी मानक के मुताबिक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। आप नेताओं ने स्टेशन पर एक्सीलेटर सीढ़ी, लिफ्ट, डीलक्स शौचालय और ग्रामीणों की सहूलियत के लिए प्लेटफॉर्म के बाहर टिकट काउंटर खोलने की मांग रखी।
कमर्शियल इंस्पेक्टर को सौंपा पत्रक
धरने के समापन पर जिलाध्यक्ष ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन कमर्शियल इंस्पेक्टर निलेश कुमार को सौंपा, जिन्होंने इसे उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। आप नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 100 दिनों के अंदर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव समेत सभी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 20 सितंबर के बाद व्यापक स्तर पर 'रेल रोको' आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन में संदीप सिंह, मुन्नू गुरु, वीरेंद्र यादव, रजनी और धरमू बनवासी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







