संसद में गूंजी चंदौली की आवाज, सांसद दर्शना सिंह ने 'विकसित भारत 2047' के विजन को सराहा
संसद में विनियोग विधेयक 2026 पर चर्चा के दौरान चंदौली सांसद दर्शना सिंह ने मोदी-योगी सरकार की नीतियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने इसे केवल खर्च का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि 2047 के स्वर्णिम भारत का रोडमैप बताया। पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें।
संसद में विनियोग विधेयक 2026 का पुरजोर समर्थन
चाणक्य के अर्थशास्त्र और आधुनिक सुशासन का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी के 'विकसित भारत' विजन की सराहना
जनकल्याण और सशक्त राष्ट्र निर्माण पर दिया जोर
देश के उच्च सदन में विनियोग विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान चंदौली की लोकप्रिय सांसद दर्शना सिंह ने सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि यह विधेयक केवल सरकार के खर्च का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि देश के विकास की दिशा और सरकार की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट करता है।
सदन में बोलते हुए सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि भारत की परंपरा रही है कि शासन केवल प्रशासन चलाने का माध्यम नहीं होता, बल्कि समाज के समग्र कल्याण का साधन होता है। उन्होंने आचार्य कौटिल्य के अर्थशास्त्र का उल्लेख करते हुए कहा कि जब शासन व्यवस्था मजबूत हो, अर्थव्यवस्था स्थिर हो और संसाधनों का उपयोग जनकल्याण के लिए किया जाए, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है। आज वही सोच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की नीतियों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि “विकसित भारत 2047” केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश को आगे ले जाने का एक स्पष्ट और मजबूत रोडमैप है।
सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज तेज़ी से आर्थिक और सामाजिक प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ने विकास को केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि यह सुनिश्चित किया है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था ने जिस मजबूती के साथ आगे बढ़ने का काम किया है, वह पूरी दुनिया के सामने एक उदाहरण बन चुका है। आज भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और देश की आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत हो रही है।
ग्रामीण भारत का उल्लेख करते हुए सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि आज गांवों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। उन्होंने कहा कि पहले गरीब परिवारों के पास पक्का घर तक नहीं होता था और महिलाएँ शौचालय जैसी बुनियादी सुविधा से भी वंचित थीं। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश भर में करोड़ों शौचालय बनाए गए, जिससे महिलाओं की गरिमा और सम्मान की रक्षा हुई।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है, जिससे गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। इसी तरह जल जीवन मिशन के माध्यम से गांवों में घर-घर नल से पानी पहुँच रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं के जीवन में बड़ी सुविधा आई है।
सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अब सीधे लोगों तक पहुँच रहा है। डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से लाखों करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है और भ्रष्टाचार पर भी अंकुश लगा है।
डिजिटल क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत का डिजिटल भुगतान तंत्र पूरी दुनिया के लिए उदाहरण बन चुका है। UPI के माध्यम से हर महीने अरबों लेन-देन हो रहे हैं और गांवों से लेकर शहरों तक डिजिटल अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है।
किसानों की चर्चा करते हुए सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि पहले किसानों को खाद के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता था, लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में किसानों को खाद, बीज और सिंचाई की सुविधाएँ पहले से बेहतर तरीके से उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत चावल उत्पादन में दुनिया में पहला स्थान प्राप्त कर चुका है।
उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में सरकार की नीतियों की भी सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रक्षा क्षेत्र में लगातार निवेश बढ़ाया गया है और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं।
सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार और निर्णयहीनता के कारण देश की प्रगति बाधित रही, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश को एक निर्णायक और पारदर्शी शासन मिला है, जिसके कारण आज भारत वैश्विक मंच पर मजबूती से अपनी बात रख रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में भी विकास की गति तेज हुई है और डबल इंजन की सरकार के कारण केंद्र और राज्य मिलकर जनता के जीवन को बेहतर बनाने का काम कर रहे हैं।
अंत में सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियाँ गरीबों के कल्याण, किसानों की समृद्धि, युवाओं के रोजगार और देश की आर्थिक मजबूती को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। उन्होंने विनियोग विधेयक, 2026 का पूर्ण समर्थन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य अवश्य प्राप्त करेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







