बाबा साहब ने देश को दिया समानता का मंत्र: विधायक सुशील सिंह ने खजरा में डॉ. अम्बेडकर को दी श्रद्धांजलि
सैयदराजा विधानसभा के खजरा में आयोजित 'डॉ. भीमराव अम्बेडकर सम्मान अभियान' में विधायक सुशील सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बाबा साहब को गरीबों की आवाज और भारतीय संविधान को समाज के हर वर्ग की मजबूती का आधार बताया।
खजरा में डॉ. भीमराव अम्बेडकर सम्मान अभियान का आयोजन
विधायक सुशील सिंह ने बाबा साहब की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
संविधान की गरिमा बनाए रखने के लिए आगे आने का आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अम्बेडकर को दिए गए सम्मान की चर्चा
धानापुर ब्लॉक प्रमुख और भाजपा पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
चंदौली जनपद के धीना क्षेत्र अंतर्गत सैयदराजा विधानसभा के खजरा स्थित एक निजी विद्यालय में रविवार को 'डॉ. भीमराव अम्बेडकर सम्मान अभियान' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह रहे। उन्होंने बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन चरित्र, उनके संघर्षों और भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

अम्बेडकर और संविधान का सम्मान भाजपा की प्राथमिकता
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक सुशील सिंह ने कहा कि डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने देश में समानता लाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि आज भारत का लोकतंत्र इतना मजबूत है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बाबा साहब और उनके द्वारा रचित संविधान का सदैव आदर करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहब से जुड़े स्थलों को 'पंचतीर्थ' के रूप में विकसित करना और उन्हें जो सम्मान दिलाना है, वह सरकार की सकारात्मक सोच को दर्शाता है।

विपक्ष पर साधा निशाना, गरीबों की आवाज बताया
विधायक ने विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों और विपक्षी दलों ने कभी भी बाबा साहब को वह सम्मान नहीं दिया जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि बाबा साहब केवल एक वर्ग के नहीं बल्कि हर गरीब और मजलूम की आवाज थे। भारतीय संविधान ने समाज के सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी अधिकार देकर सशक्त बनाया है। संविधान के मूल्यों और उसकी गरिमा को अक्षुण्ण रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से काशी क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष रमेश मिश्रा, धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, महेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष चंद्रभान मौर्य, इंद्रजीत बिंद, विपिन सिंह, हरिवंश उपाध्याय और निधि खरवार सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन इंद्रजीत बिंद ने किया। उपस्थित जनसमूह ने बाबा साहब के विचारों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








