UP में आगे भी रहेगी योगी सरकार, धार्मिक आयोजनों को मिला बढ़ावा: चंदौली में बोले पूर्व सांसद धनंजय सिंह
धानापुर रामकथा में पहुंचे धनंजय सिंह
योगी सरकार में धार्मिक आयोजन बढ़े
हिंदू-मुस्लिम एकता की पेश हुई मिसाल
प्रदेश में सरकार बदलाव से किया इनकार
कई दिग्गज नेताओं ने निभाई अपनी मौजूदगी
चंदौली जिले के धानापुर स्थित दशमी पोखरा परिसर में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज की भव्य रामकथा चल रही है। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर रामकथा का पुण्य लाभ उठा रहे हैं। इसी क्रम में कथा में शिरकत करने पहुंचे जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में धार्मिक सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की दिल खोलकर सराहना की।
योगी सरकार में धार्मिक आयोजनों को मिला नया बढ़ावा
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में कथा और धार्मिक आयोजन तो पहले भी होते थे, लेकिन जब से योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं, तब से ऐसे आयोजनों को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को समाज में और मजबूती मिली है, जिससे पूरे प्रदेश का माहौल भक्तिमय हुआ है।

हिंदू और मुस्लिम साथ बैठकर सुन रहे हैं रामकथा
धानापुर में आयोजित रामकथा की सामाजिक समरसता पर बात करते हुए धनंजय सिंह ने कहा कि इस आयोजन में समाज का हर वर्ग उत्साहपूर्वक भाग ले रहा है। उन्होंने खास तौर पर जिक्र किया कि यहां हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोग एक साथ बैठकर प्रभु श्री राम की कथा सुन रहे हैं। यह दृश्य आपसी भाईचारे, सामाजिक सहभागिता और मेलजोल की एक अनूठी और मिसाल कायम करने वाली तस्वीर पेश करता है।
प्रदेश में चलती रहेगी योगी सरकार, बदलाव से इनकार
उत्तर प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने भविष्य में किसी भी तरह के राजनीतिक फेरबदल या सरकार परिवर्तन की अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया। धनंजय सिंह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार आगे भी ऐसे ही सुचारू रूप से जारी रहेगी।
विधायक सुशील सिंह की पहल पर दिग्गजों का जमावड़ा
गौरतलब है कि यह विशाल रामकथा सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुशील सिंह द्वारा अपने क्षेत्र के धानापुर में आयोजित कराई जा रही है। कथा के तीसरे दिन बिहार सरकार के मंत्री जमा खान, पूर्व मंत्री अर्जुन सिंह, राज्यसभा सांसद साधना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष काशी नाथ सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, राणा सिंह, सदानंद पांडे और संजय पांडे सहित कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। हजारों की भीड़ इस आयोजन की भव्यता का गवाह बन रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







