भेष बदलकर घर से निकल गए थे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, फोटो-वीडियो के चक्कर में नहीं जा पाए अमड़ा
चंदौली में बिजली-पानी संकट पर धरने से पहले नजरबंद किए गए सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू भेष बदलकर पुलिस को चकमा देकर घर से निकल भागे। सैयदराजा चौराहे पर पहुँचने के बाद जब वह फोटो-वीडियो बनाने का काम कर रहे थे, कभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
तीन थानों का पहरा तोड़कर भागे पूर्व विधायक
भेष बदलकर सैयदराजा मुख्य चौराहे पर पहुंचे डब्लू
अमड़ा पावर हाउस पर प्रस्तावित था बड़ा धरना
पुलिस ने पूर्व विधायक को हिरासत में लिया
सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश, पुलिस बल तैनात
चंदौली जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर होने वाले आंदोलन के बीच सोमवार को एक बेहद फिल्मी और चौंकाने वाला वाकया सामने आया है। अमड़ा पावर हाउस पर प्रस्तावित धरने से ठीक पहले जिला प्रशासन के कड़े सुरक्षा दावों की हवा निकल गई। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू' अपने सैयदराजा स्थित आवास पर तीन थानों की पुलिस और भारी सुरक्षा बल की तैनाती के बावजूद भेष बदलकर चकमा देकर बाहर निकल गए। वे सीधे भागते हुए सैयदराजा बाजार के मुख्य चौराहे पर जा पहुंचे, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सैयदराजा चौराहे पर पहुंचकर सरकार को घेरा
दरअसल, इलाके में चल रहे बिजली और सिंचाई के गंभीर संकट को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अमड़ा पावर हाउस पर एक बड़े प्रदर्शन का एलान किया था। कानून-व्यवस्था बिगड़ने के डर से प्रशासन ने इस धरने की अनुमति नहीं दी थी और सुबह से ही उनके घर को चारों तरफ से घेरकर नजरबंद कर दिया था। लेकिन पुलिस को गच्चा देकर जैसे ही पूर्व विधायक सैयदराजा चौराहे पर पहुंचे, उन्होंने खुलेआम पुलिसिया बंदोबस्त पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने इसे जिला प्रशासन की सबसे बड़ी नाकामी और विफलता करार दिया।

पुलिस ने आनन-फानन में लिया हिरासत में
सपा नेता के अचानक चौराहे पर प्रकट होने की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में भारी पुलिस बल दौड़ते हुए चौराहे पर पहुंचा और पूर्व विधायक को चारों तरफ से घेरकर आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और पूर्व विधायक के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार किसानों की जायज समस्याओं का समाधान करने के बजाय पूरी तरह से विपक्ष की आवाज को दबाने और कुचलने में लगी हुई है।
लोकतंत्र की हत्या का लगाया आरोप, पुलिस बल तैनात
पूर्व विधायक ने अधिकारियों से कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखना लोकतंत्र का मूल अधिकार है, लेकिन सरकार पुलिस के बल पर तानाशाही चला रही है। वहीं दूसरी तरफ, प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए यह जरूरी एहतियाती कदम था। बिना परमिशन के किसी को भी माहौल खराब करने की छूट नहीं दी जा सकती। पूर्व विधायक को हिरासत में लेकर थाने ले जाए जाने के बाद सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा भड़क उठा है। पूरे इलाके और अमड़ा पावर हाउस पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और जिले की राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








