सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का तंज: शिलापट्ट लगाने के लिए गांव-गांव ठेकेदार बना रहे हैं विधायक
सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने रैथा गांव में प्रेस वार्ता कर सरकार और स्थानीय विधायक को घेरा। उन्होंने बिजली कटौती, गंगा कटान और शिलापट्ट के जरिए फर्जी विकास का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक मनोज सिंह का सरकार पर हमला
बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का उठाया मुद्दा
शिलापट्ट लगाकर ठेकेदार पैदा करने का आरोप
गुरैनी में गंगा कटान जांच की मांग
रैथा गांव में प्रेस वार्ता कर घेरा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह डब्लू ने रविवार को धीना क्षेत्र के रैथा गांव में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में एक प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार और क्षेत्रीय विधायक के विकास दावों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि केवल कागजों और मंचों पर लंबे-चौड़े दावे कर रहे हैं, जबकि हकीकत में जनता परेशान है।

किसानों की आय और विकास के दावों पर उठाए सवाल
पूर्व विधायक ने कहा कि माधोपुर एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल सेंटर में बड़े-बड़े टमाटर उगाने और किसानों की आय चार गुना करने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन जमीनी सच यह है कि इससे गांवों और किसानों को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि सरकार को धरातल पर जाकर देखना चाहिए कि बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं।
उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से जनता बेहाल
बिजली व्यवस्था पर हमला बोलते हुए मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि कमालपुर, डबरिहा, आवाजापुर और धानापुर पावर हाउस से जुड़े इलाकों में दिन-रात में 10 से 12 बार ट्रिपिंग हो रही है। दो से ढाई घंटे की लगातार कटौती से उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हैं। उन्होंने विधायक के 18 घंटे बिजली देने के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि ग्रामीणों से पूछने पर सच्चाई तुरंत सामने आ जाएगी।
इंटरलॉकिंग पर शिलापट्ट लगाकर बन रहे ठेकेदार
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांवों में विकास के नाम पर सिर्फ शिलापट्ट लगाए जा रहे हैं। जिस ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधानों ने इंटरलॉकिंग कराई है, वहां भी विधायक अपने नाम का शिलापट्ट लगवा रहे हैं। जन चौपालों के आयोजन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि ये कार्यक्रम स्थानीय ठेकेदारों के जरिए मैनेज किए जाते हैं, जिसमें खुलकर कमाई का खेल चल रहा है।
गंगा कटान रोकने के नाम पर करोड़ों के घोटाले का आरोप
गंगा कटान का गंभीर मुद्दा उठाते हुए सपा नेता ने कहा कि गुरैनी पंप कैनाल के पास कटान रोकने के नाम पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहा दिए गए, फिर भी कटान जारी है। अधिकारी केवल मजबूरियां बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करे। इस प्रेस वार्ता में अफरोज अली, संतोष उपाध्याय, मंटू यादव, अवधेश कुमार, रामायन, जयप्रकाश रिंकू सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







