ब्रिटिश हुकूमत की तरह सरकार चला रहे हैं मोदी और योगी : कांग्रेस नेता धर्मेन्द्र तिवारी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने पर रिएक्शन
भाजपा सरकार का पूरा तंत्र भ्रष्ट और बेशर्म
निरंकुश और तानाशाही सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों की जरूरत
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर और वाराणसी प्रभारी धर्मेन्द्र तिवारी ने भाजपा की मोदी-योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार ब्रिटिश हुकूमत की तरह काम कर रही है, जो पूरी तरह से अलोकतांत्रिक, निरंकुश और तानाशाह हो चुकी है।
तिवारी ने कहा कि किसी भी गलत का विरोध करना और अपने हक व अधिकारों के लिए आवाज उठाना अब सरकार के विरुद्ध माना जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस सरकार का पूरा तंत्र भ्रष्ट और बेशर्म हो चुका है, जहां वोट चोरी, महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है।

देश को गुलामी की ओर धकेलने का आरोप
धर्मेन्द्र तिवारी ने मोदी-योगी सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग समाज को पढ़ाई, शिक्षा और दवाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखकर 'भिखमंगा भारत' बनाने की सोच रखते हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों का मकसद शत प्रतिशत निजीकरण करके देश को चंद पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रखना है, जो धीरे-धीरे देश को गुलामी की ओर धकेल रहा है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की निरंकुश और तानाशाही सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोकतंत्र के रक्षकों के विरुद्ध मुकदमे और हाउस अरेस्ट जैसे कदम उठाए जा रहे हैं, जिसका जवाब जनता जरूर देगी।
'वोट चोरी' से घबराई भाजपा: अजय राय की गिरफ्तारी पर हमला
कांग्रेस नेता ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की गिरफ्तारी को भाजपा की तानाशाही का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि "वोट चोरी" पकड़े जाने से भाजपा और नरेंद्र मोदी घबरा गए हैं। तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस नेताओं की आवाज को दबाना चाहती है, लेकिन जनता इस तानाशाही का जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।
यह डरपोक योगी-मोदी का काम है
धर्मेन्द्र तिवारी ने हाल ही में रायबरेली में हुए विरोध प्रदर्शनों पर भी कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भाजपा की कठपुतली दिनेश प्रताप सिंह और उनके चाटुकार जननायक राहुल गांधी के रायबरेली आगमन पर अपनी हताशा छुपा नहीं सके और बीच सड़क पर सस्ती नौटंकी करने बैठ गए। उन्होंने कहा कि रायबरेली की जनता ने दिनेश सिंह को ऐतिहासिक हार देकर यह साफ संदेश दे दिया है कि अवसरवाद और धोखे की राजनीति यहां नहीं चलेगी।
उन्होंने वाराणसी में हुए विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा, "जब राहुल गांधी के सिपाही 11 सितंबर को वाराणसी में स्वघोषित फर्जी विश्व गुरु 6 इंच छाती वाले को उसकी हैसियत दिखाने के लिए निकले तो यह डरपोक योगी-मोदी ने पुलिस को आगे कर दिया।" तिवारी ने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी के सिपाही किसी से डरने वाले नहीं हैं।
लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प
धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि कांग्रेस की आवाज का चुप होना देश में लोकतंत्र के मर जाने के बराबर है। उन्होंने कहा, "हम कांग्रेसजन इस देश के निर्माण की पहली ईंट हैं। हम सम्मान के लिए लड़ना जानते हैं और जीत कर भी हम हारना जानते हैं ताकि मानवता और उसके संबंध जीवित रह सकें।"
उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेसजन किसी भी स्तर पर संघर्ष के लिए सदैव तैयार हैं। उन्होंने हाउस अरेस्ट के दौरान कांग्रेसजनों द्वारा दिखाए गए साहस और धीरज की सराहना की और कहा, "यही हमारी ताकत है और इस ताकत के आगे यह सरकार ज्यादा दिन तक नहीं टिक पाएगी।"
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








