चंदौली में NH-24 सड़क निर्माण पर भड़के पूर्व विधायक मनोज सिंह W, कोरे आश्वसान पर ज्ञापन देने से किया इंकार
एनएच-24 सड़क निर्माण पर भारी बवाल
पूर्व विधायक ने ज्ञापन देने से किया मना
अधिकारियों और मनोज सिंह डब्ल्यू में कहासुनी
सड़क की पटरी न बनने से हादसे
लिखित आश्वासन न मिलने पर आंदोलन का ऐलान
चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के कजहरा गांव के पास एनएच-24 के किनारे सड़क निर्माण के मुद्दे को लेकर माहौल काफी गरमा गया है। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू सड़क की अधूरी पटरी और लगातार हो रहे हादसों के विरोध में अधिकारियों को ज्ञापन देने पहुंचे थे। लेकिन मौके पर बातचीत के दौरान अधिकारियों और पूर्व विधायक के बीच तीखी कहासुनी हो गई, जिसके बाद उन्होंने ज्ञापन देने से साफ मना कर दिया।
पटरी न बनने से हो रहे जानलेवा हादसे
कजहरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे काफी समय से सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। सड़क किनारे की पटरी न बनने के कारण स्थानीय लोगों को रोज आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस इलाके में बार-बार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और बेकसूर लोगों की जान जा रही है। इसी जनसमस्या को लेकर पूर्व विधायक अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे।

अधिकारियों और पूर्व विधायक में तीखी तकरार
मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू ने अधिकारियों से सड़क की पटरी जल्द बनाने की मांग रखी। इसी बीच वहां मौजूद एक अधिकारी की पहचान और उनकी भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि पूर्व विधायक की नाराजगी चरम पर पहुंच गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी केवल ज्ञापन लेकर मामले को टालने की कोशिश कर रहे हैं।

भ्रष्टाचार और लापरवाही के उठे सवाल
स्थानीय लोगों और पूर्व विधायक का मानना है कि सड़क की पटरी का पैसा या तो ठेकेदार डकार गए हैं या फिर अधिकारियों की मिलीभगत से काम अटका पड़ा है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पूर्व विधायक को समझाने-बुझाने और मामले को शांत कराने की काफी कोशिश की, लेकिन पूर्व विधायक बिना ठोस कार्रवाई के पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी से हड़कंप
पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्ल्यू ने साफ कर दिया है कि जब तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस या लिखित आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे ज्ञापन नहीं सौंपेंगे बल्कि अब सीधे उग्र आंदोलन करेंगे। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है कि आखिर एनएच-24 का निर्माण कब पूरा होगा और लोगों को हादसों से मुक्ति कब मिलेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







