सकलडीहा में समाजवादी पार्टी की PDA पंचायत: पूर्व MLC रामजतन राजभर ने की एकजुट होने की अपील
सकलडीहा विधानसभा में सपा पीडीए पंचायत
पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर का संबोधन
राजभर समाज और पिछड़ों की भागीदारी
2027 में सपा सरकार बनाने का आह्वान
चंदौली जिले के सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नई बाजार स्थित मां दुर्गा मंदिर के प्रांगण में समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में एक विशाल 'PDA जन पंचायत' का शानदार आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी, जिसमें विशेष रूप से राजभर समाज के साथ-साथ पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोग शामिल हुए। इस पंचायत का मुख्य मकसद समाज के वंचित तबके के अधिकारों और सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद करना था।
पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर ने किया आह्वान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर ने समाज के सभी वर्गों को एकजुट होने का कड़ा संदेश दिया। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों और विचारों को जनता के सामने रखते हुए कहा कि जिन पिछड़े, अल्पसंख्यक और दलित भाइयों को अभी तक उनके पूरे अधिकार नहीं मिले हैं, उन्हें समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्राथमिकता के साथ उनका हक दिलाया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से राजभर समाज से आगे आकर सपा का साथ देने की अपील की।
सकलडीहा विधायक ने ऐसे रखी बात
इस जन पंचायत में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश सचिव लालता प्रसाद बियार भी मौजूद रहे। वहीं सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की मंशा साफ है कि समाज के हर उपेक्षित व्यक्ति को उसका हक मिलना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद जनता के इन अधिकारों को पूरी मजबूती से लागू किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने की।
प्रमुख लोगों की रही मौजूदगी
इस पंचायत के दौरान राजभर समाज की ओर से केशव राजभर, महेंद्र राजभर, इंदू राजभर, चंद्रमा राजभर, साहब राजभर, मुन्नी राजभर और अनिल राजभर जैसे कई गणमान्य लोगों ने अपनी आवाज बुलंद की। इसके अलावा अमित गुप्ता, नवीन जायसवाल, गुलाब, अनिल चौहान, शशिकांत भारती, कमलेश यादव और नफीस अहमद सहित बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







