सकलडीहा में सपा को बड़ा झटका: मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व सचिव रोहित यादव बसपा में शामिल
सकलडीहा में समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका
मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व प्रदेश सचिव रोहित यादव बसपा में शामिल
रोहित बोले-बहन मायावती की नीतियों से हैं प्रभावित
सपा के गढ़ सकलडीहा में तेज हुई सियासी हलचल
चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी (सपा) को उस समय एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा जब मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व प्रदेश सचिव और युवा छात्र नेता रोहित यादव ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दामन थाम लिया। रोहित यादव की औपचारिक सदस्यता जिला पंचायत सदस्य इंदु देवी के निजी आवास, इटवा गांव में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान कराई गई।
मायावती की नीतियों से प्रभावित होकर लिया निर्णय
यह बैठक बसपा के महत्वपूर्ण अभियान एस.आई.आर. (SIR) और आगामी 6 दिसंबर के कार्यक्रम को लेकर आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष संतोष कुमार भारती ने की।
इसी दौरान उन्होंने रोहित यादव को बसपा की सदस्यता दिलाई और उन्हें पार्टी की नीतियों व संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बसपा में शामिल होने के बाद रोहित यादव ने कहा कि वे बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बहन मायावती की नीतियों से अत्यंत प्रभावित हैं, जिसके कारण उन्होंने समर्पित भाव से बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि पार्टी द्वारा उन्हें जो भी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, उन्हें वे पूर्ण निष्ठा, कर्मठता और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।
युवा नेतृत्व से संगठन को मिलेगी मजबूती
बसपा नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सत्येंद्र कुशवाहा ने रोहित यादव के पार्टी में आने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रोहित यादव के आने से संगठन को युवा नेतृत्व के रूप में नई ऊर्जा मिलेगी, जिससे सकलडीहा क्षेत्र में बसपा के जनाधार को और मजबूती प्राप्त होगी।
विधानसभा अध्यक्ष संतोष कुमार भारती ने भी इस अवसर पर कहा कि बसपा सामाजिक न्याय, समान अधिकार और बहुजन हितों की लड़ाई को लेकर निरंतर संघर्षरत है, और रोहित यादव जैसे ऊर्जावान युवाओं का संगठन से जुड़ना पार्टी की संगठनात्मक मजबूती का स्पष्ट संकेत है।
बैठक में आगामी अभियानों, एस.आई.आर. कार्यक्रम तथा 6 दिसंबर को प्रस्तावित विभिन्न आंदोलनों की रणनीति पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान मंडल प्रभारी वाराणसी उमापति, जिला उपाध्यक्ष राजन खां, श्यामसुंदर विश्वकर्मा, महेन्द्र चौहान, केशव कुमार, जयप्रताप राजभर, प्रेम सिंह, अनील, अखिलेश सहित कई पदाधिकारी व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। रोहित यादव की बसपा में एंट्री से सकलडीहा क्षेत्र की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, और इसे सपा के लिए एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







