अखिलेश यादव के जन्मदिन पर पूरे मूड में दिखे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू, कई कार्यक्रमों में हुए शामिल़

समाजवादी पार्टी ने धूमधाम से मनाया अखिलेश यादव का जन्मदिन
2027 में सत्ता वापसी का लिया संकल्प
मनोज सिंह डब्लू भी कई कार्यक्रमों में हुए शामिल़
चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन मंगलवार को जनपद चंदौली में पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित कर जन्मदिन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर सपा नेताओं ने जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए पार्टी प्रमुख की सोच और नेतृत्व को देश के लिए जरूरी बताया।

जन्मदिन के अवसर पर सैयदराजा आवास, सलेमपुर दलित बस्ती, धीना मार्केट, जेवरियाबाद बिंद बस्ती और माधोपुर गांव सहित कई स्थानों पर केक काटे गए और गरीबों व जरूरतमंदों के बीच फल और मिठाई का वितरण किया गया। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के नेतृत्व को पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लिए हितैषी बताते हुए 2027 में समाजवादी पार्टी को फिर से सत्ता में लाने का संकल्प लिया।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने खुद विभिन्न बस्तियों में जाकर लोगों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव न केवल दूरदर्शी नेता हैं, बल्कि उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार को प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक फैसले लिए।
मनोज सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव ने समाज को सशक्त और शिक्षित बनाने की दिशा में काम किया, ताकि देश की असली तरक्की हो सके। उन्होंने संविधान और आरक्षण की रक्षा को पार्टी का मुख्य उद्देश्य बताते हुए सभी वर्गों को सपा के साथ एकजुट होने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि यदि 2027 में सपा की सरकार बनती है, तो सैयदराजा क्षेत्र में जर्जर पंप कैनालों की मरम्मत, स्कूल-कॉलेज की स्थापना और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार किया जाएगा।
इस आयोजन के माध्यम से सपा कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ पार्टी प्रमुख का जन्मदिन मनाया, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक संदेश भी दिया — “2027 में समाजवादी सरकार की वापसी तय है।”
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*