जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल और पूर्व प्रधान में तीखी झड़प, गला दबाने और छेड़खानी का आरोप

चंदौली के मुगलसराय में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल और पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव के बीच विवाद गहरा गया है। गार्गी पटेल ने गला दबाने और छेड़खानी का आरोप लगाया है, वहीं पूर्व प्रधान ने इसे बेबुनियाद साजिश बताया है।

 
 

गार्गी पटेल और वीरेंद्र यादव का नया विवाद

मुगलसराय के बहादुरपुर गांव की घटना

गार्गी पटेल ने लगाया छेड़खानी का आरोप

पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने आरोपों को नकारा

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर शुरू की जांच

चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बहादुरपुर गांव में समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल और सपा कार्यकर्ता व पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव के बीच तीखा विवाद सामने आया है। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व भी पूर्व ब्लॉक प्रमुख के परिवार के लोगों द्वारा गार्गी पटेल के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। अब एक बार फिर विवाद होने से गार्गी पटेल सुर्खियों में आ गई हैं।


गार्गी पटेल ने लगाया गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप
सपा की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के अनुसार मंगलवार शाम करीब सात बजे पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव उनके घर पहुंचे थे। गार्गी पटेल का कहना है कि पूर्व में हुए मारपीट के एक मामले को लेकर वीरेंद्र यादव लोगों के बीच कथित रूप से गलत बातें फैला रहे थे। इसी मुद्दे पर बातचीत के दौरान वीरेंद्र यादव ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और छेड़खानी भी की। शोर सुनकर आए लोगों ने बीच-बचाव किया और मामला शांत कराया।

पूर्व प्रधान ने आरोपों को बताया राजनीतिक साजिश
दूसरी ओर बहादुरपुर के पूर्व प्रधान वीरेंद्र यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने उनसे कहा था कि उन पर गार्गी पटेल पर पूर्व में हुए हमले के आरोपियों से जेल में मिलने की बात कही जा रही है। इसी बात का स्पष्टीकरण देने और सच्चाई बताने वे गार्गी पटेल के घर गए थे। बातचीत के दौरान वहां विवाद हो गया और बीच-बचाव के प्रयास में उन्हें भी चोटें आईं।

दोनों पक्षों ने दी पुलिस को लिखित तहरीर
घटना के बाद दोनों पक्षों ने मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ लिखित तहरीर दी है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मौके पर मौजूद साक्ष्यों के आधार पर जांच-पड़ताल कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का ऐसा है दावा
इस पूरे मामले पर सीओ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मौके का निरीक्षण कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विधिक कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*