सपा नेता महेंद्र राव प्रकरण: सांसद वीरेंद्र सिंह और छोटेलाल खरवार ने डीएम को घेरा, बड़े आंदोलन की चेतावनी
चकिया के महेंद्र राव प्रकरण ने तूल पकड़ लिया है। सपा सांसदों और जिलाध्यक्ष ने डीएम-एसपी से मिलकर प्रशासन पर भाजपा के दबाव में फर्जी मुकदमे दर्ज करने और अवैध खनन को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है।
सपा नेता महेंद्र राव पर फर्जी मुकदमे का आरोप
दलित और पिछड़ों के उत्पीड़न पर भारी आक्रोश
भाजपा संरक्षित लोगों द्वारा अवैध खनन का दावा
न्याय न मिलने पर चकिया में बड़े आंदोलन की चेतावनी
सपा कार्यकर्ताओं पर भाजपा जॉइन करने का दबाव
चंदौली जिले की चकिया विधानसभा के अंतर्गत महेंद्र राव प्रकरण को लेकर राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। सोमवार को समाजवादी पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। इस प्रतिनिधि मंडल का नेतृत्व सांसद वीरेंद्र सिंह, स्थानीय सांसद छोटेलाल खरवार और सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने किया।

प्रशासन पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप
जिलाधिकारी को पत्रक सौंपने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद छोटेलाल खरवार ने तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले का प्रशासन पूरी तरह भाजपा के एजेंट के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि दलितों और पिछड़ों का उत्पीड़न किया जा रहा है और सपा कार्यकर्ताओं पर जबरन फर्जी मुकदमे लादकर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। सांसदों का स्पष्ट आरोप है कि प्रशासन भाजपा संरक्षित लोगों द्वारा किए जा रहे अवैध खनन पर चुप्पी साधे हुए है।

अवैध खनन और फर्जी मुकदमों का मामला
सपा नेताओं के अनुसार, चकिया के चंद्रप्रभा रेंज में बड़े पैमाने पर अवैध खनन का खेल चल रहा है। जब सपा कार्यकर्ता इसका विरोध करते हैं, तो उन्हें फर्जी मामलों में फंसाया जाता है। जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने आरोप लगाया कि सपा के लोगों पर बेवजह दबाव डालकर उन्हें भाजपा जॉइन करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महेंद्र राव को न्याय नहीं मिला और निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो पूरी समाजवादी पार्टी चकिया में एक बड़ा आंदोलन छेड़ने को मजबूर होगी।
न्याय न मिलने पर होगा बड़ा संघर्ष
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में सांसदों ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि वे केवल न्याय की मांग कर रहे हैं। यदि डीएम और एसपी से मिलने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ और उत्पीड़न जारी रहा, तो सड़कों पर उतरकर संघर्ष किया जाएगा। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने सरकार विरोधी नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








