चंदौली समाचार से बोले- हम भी हैं टिकट के तगड़े दावेदार, 'प्रत्याशी कोई भी हो, अखिलेश यादव और साइकिल का निशान ही मुख्य चेहरा'
समाजवादी पार्टी में टिकट दावेदारी को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। दावेदारों ने एक सुर में कहा है कि प्रत्याशी कोई भी हो, सब अखिलेश यादव के नेतृत्व में मिलकर भाजपा को हराएंगे।
सैयदराजा विधानसभा में टिकट दावेदारी को लेकर कई दावेदार
सपा में टिकट को लेकर सरगर्मी, अखिलेश यादव ही असली प्रत्याशी चेहरा
दावेदारों में गोलबंदी की बातें खारिज, पीडीए फॉर्मूले पर लड़ेगी सपा पार्टी
बीरेन्द्र कुमार बिंद डॉक्टर ने कार्यालय खोलकर शुरू किया चुनाव प्रचार
उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी में प्रत्याशियों की दावेदारी को लेकर हलचल काफी तेज हो गई है। पार्टी कार्यालयों के खुलने और कार्यकर्ताओं की बैठकों का दौर शुरू होते ही टिकट मांगने वाले नेताओं की गतिविधियां बढ़ गई हैं। हालांकि नेताओं का स्पष्ट कहना है कि पार्टी में टिकट को लेकर किसी भी तरह की कोई गुटबाजी या गोलबंदी नहीं चल रही है। सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह चुनावी मूड में आ चुका है।
चंदौली जिले की सैयदराजा विधानसभा में टिकट दावेदारी को लेकर कई दावेदार अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। जिले में समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ का विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को कार्यालय खोलने के बाद चंदौली समाचार के संवाददाता विनय तिवारी से बात करते हुए बीरेन्द्र कुमार बिंद डॉक्टर ने कहा कि हमारे जैसे कई लोग टिकट के तगड़े दावेदार हैं। टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का आधिकार है, लेकिन सीट से प्रत्याशी कोई भी हो, अखिलेश यादव और साइकिल का निशान ही मुख्य चेहरा होगा।

अखिलेश यादव और साइकिल का निशान ही मुख्य प्रत्याशी
टिकट की दावेदारी कर रहे सपा नेताओं का मानना है कि चेहरा चाहे जो भी हो, असली प्रत्याशी केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल ही है। पार्टी मंचों से भी लगातार यही संदेश दिया जा रहा है कि प्रत्याशी केवल एक ही है और वह अखिलेश यादव का नेतृत्व है। नेताओं का कहना है कि पार्टी आलाकमान जिसे भी उम्मीदवार घोषित करेगा, सभी कार्यकर्ता और दावेदार पूरी निष्ठा के साथ उनके समर्थन में खड़े रहेंगे। इस सोच के साथ कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
कार्यालय उद्घाटन पर नेताओं ने दी सफाई
हाल ही में दुधारी चौराहा और अन्य स्थानों पर खोले गए पार्टी व प्रकोष्ठ कार्यालयों के उद्घाटन को लेकर चर्चाएं गरम थीं। कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों के शामिल न होने पर उठ रहे सवालों पर दावेदारों ने स्थिति साफ की है। उनका कहना है कि समर्थकों के बीच किसी तरह की बयानबाजी या नारेबाजी से बचने के लिए कार्यक्रम को सीमित रखा गया था। ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। प्रकोष्ठ कार्यालय खोलने का मुख्य उद्देश्य संगठन की नियमित बैठकें आयोजित करना है।
मैदान में कई प्रमुख दावेदार, लेकिन लक्ष्य एक ही
विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ने के लिए कई प्रमुख चेहरे अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इनमें पूर्व ब्लॉक प्रमुख, मनोज भैया, हरदेव गुरु, संजीव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष बलराम यादव और जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव जैसे नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। हालांकि सभी दावेदारों का एक सुर में कहना है कि टिकट मांगना हर योग्य कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन टिकट मिलने के बाद सभी मतभेद भूलकर एक झंडे के नीचे एकजुट हो जाएंगे।
पीडीए (PDA) फॉर्मूले के बल पर भाजपा को घेरने की रणनीति
सपा नेताओं के अनुसार इस बार का मुकाबला सीधे तौर पर सपा और भाजपा के बीच ही सीमित है और जनता में बदलाव की मजबूत लहर दिख रही है। पार्टी का पूरा ध्यान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिए गए 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर केंद्रित है। नेताओं का दावा है कि वर्तमान शासन की नीतियों से पीड़ित जनता और पीडीए वर्ग के लोग इस बार एकजुट होकर समाजवादी पार्टी का साथ देंगे। इसी सामाजिक समीकरण के सहारे विपक्षी दल को कड़ी शिकस्त देने की रणनीति तैयार की गई है।
बदलाव के मूड में जनता, एकजुट होकर लड़ेंगे चुनाव
दावेदारों ने भरोसा जताया है कि प्राथमिक स्तर पर टिकट की मांग को लेकर चाहे थोड़ा बहुत मनमुटाव दिखे, लेकिन अंतिम निर्णय के बाद सभी एकजुट होकर चुनाव में उतरेंगे। भाजपा सरकार के शासन से आम जनता में भारी निराशा है और लोग बदलाव चाह रहे हैं। ऐसे में पार्टी का हर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान चला रहा है। पार्टी का एकमात्र मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों में बीजेपी को सत्ता से बाहर करना और सपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।
संगठन को मजबूत करने में जुटे पार्टी कार्यकर्ता
चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के नए कार्यालय खोले जा रहे हैं ताकि नियमित बैठकें की जा सकें। इससे पहले पार्टी गतिविधियों का संचालन करने में थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ता था। नए कार्यालयों के शुरू होने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। पार्टी नेताओं को पूरा विश्वास है कि एकजुटता के बल पर वे भारी जीत दर्ज करेंगे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







