जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

भाजपा कटवा रही है वोटर लिस्ट से सपा के वोटरों का नाम, कार्यकर्ता हो जाएं सावधान

 

चंदौली जिले में सभी राजनीतिक पार्टियां अपने अपने स्तर से अपनी चुनावी तैयारी कर रही हैं और दूसरे दलों पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।

 चंदौली जिले के शहाबगंज इलाके में एक कार्यक्रम करते हुए समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वर्तमान सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अब सरकार समाजवादी पार्टी के वोटरों का नाम कटवाने में व्यस्त है। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वह अपने वोटरों का नाम जुड़वाने पर जुट जाएं और इस बात का ध्यान रखें कि अगर कहीं पर वोटर लिस्ट से छेड़छाड़ की जा रही है तो उसे दुरुस्त कराएं, नहीं तो भारतीय जनता पार्टी अपनी चाल में कामयाब हो जाएगी और आप बूथ पर जाकर भी वोट नहीं डाल पाएंगे, क्योंकि आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं होगा।

सपा नेता स्वामी भानु प्रताप ने कहा कि वर्तमान सरकार तो समाजवादी पार्टी के लोगों का वोट कटवाने में व्यस्त है। इसमें पूरी सरकारी तंत्र ही लग गया है। इसलिए सभी समाजवादी कार्यकर्ता व समर्थक अपने बूथों पर वोट बढ़वाने में लग जाएं। क्योंकि लोकतंत्र में वोट से ही चुनाव जीता जाता है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक सीट पर सपा के प्रत्याशी होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश के हर विधान में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। वहीं बूथों की समीक्षा की जा रही है।

इस मौके पर पूर्व विधायक पूनम सोनकर ने कहा कि पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंककर समाजवादी पार्टी की सरकार बनानी है। इसलिए हर कार्यकर्ता को अभी से जुट जाना है।

पूर्व विधायक जितेन्द्र कुमार एडवोकेट ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा सरकार हर स्तर पर फेल है। महंगाई चरम पर है। युवा बेरोजगारी से तंग आ गए हैं। धर्म के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। आम जनता समाजवादी पार्टी की सरकार को याद कर रही है। आने वाले समय में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना तय है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*