जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

FIR के खिलाफ हाईकोर्ट जाएंगे सपा नेता अंजनी सिंह, कहा- कब तक मुकदमा करोगे, मेरी मौत के बाद तो नहीं

चंदौली पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे पर जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वे मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं और जल्द ही इंसाफ के लिए हाईकोर्ट का रुख करेंगे।

 
 

पुलिसिया कार्रवाई पर उठाए गंभीर सवाल

मुकदमों से न डरने का खुला एलान

साक्ष्यों के साथ हाईकोर्ट जाने की तैयारी

जनहित के मुद्दों पर संघर्ष रहेगा जारी

 चंदौली जिले में पुलिस द्वारा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज किए जा रहे मुकदमों को लेकर सियासत और बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इस कड़ी में जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने पुलिसिया कार्रवाई पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सीधे तौर पर पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि वह हमेशा से गरीबों, किसानों और मजलूमों के हक की लड़ाई लड़ते आए हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे। अंजनी सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह प्रशासन के इन मुकदमों से कतई डरने वाले नहीं हैं और जब तक उनके शरीर में आखिरी सांस चलेगी, जनहित के मुद्दों पर उनका संघर्ष इसी तरह जारी रहेगा।

मैं किसान का बेटा हूँ, जुल्म के आगे नहीं झुकूँगा
अंजनी सिंह ने अपनी बात रखते हुए कहा, "मैं खुद एक गरीब किसान का बेटा हूं, इसलिए किसानों और मजदूरों का दर्द बखूबी समझता हूं। मैं गरीबों, किसानों, श्रमिकों, नौजवानों, छात्रों, महिलाओं और व्यापारियों समेत सर्व समाज के अधिकार और उनकी खुशहाली के लिए हमेशा संघर्ष करता रहा हूं। समाज में जहां भी जुल्म और अन्याय होगा, वहां न्याय स्थापित करने के लिए मैं निडर होकर लड़ता आया हूं और आगे भी बिना किसी खौफ के लड़ता रहूंगा।" उन्होंने दावा किया कि चंदौली के विकास और जनहित से जुड़े हर बड़े मुद्दे को उन्होंने हमेशा प्रमुखता से उठाया है।

जाति-धर्म से ऊपर उठकर किया है काम
उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा कि धानापुर, सैयदराजा सहित पूरे चंदौली जिले के चहुंमुखी विकास के लिए उन्होंने निरंतर चिंतन, मनन और जमीनी संघर्ष किया है। उन्होंने कभी भी राजनीति फायदे के लिए भेदभाव नहीं किया, बल्कि हमेशा जाति, धर्म और राजनीतिक विचारधारा से कोसों ऊपर उठकर समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है। यही वजह है कि जनता का विश्वास उनके साथ है और वह जनता की आवाज को मुकदमों के डर से दबने नहीं देंगे।

पुलिसिया मनमानी के खिलाफ खटखटाएंगे हाईकोर्ट का दरवाजा
वर्तमान पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए अंजनी सिंह ने कहा कि पुलिस का काम समाज में कानून का राज स्थापित करना है। पुलिस को हमेशा निष्पक्ष और न्याय के प्रति समर्पित रहकर काम करना चाहिए, न कि किसी के दबाव में। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पुलिस अपने असली कर्तव्यों से पूरी तरह भटककर मनमाने तरीके से काम करने लगे और बेकसूरों पर गलत मुकदमे दर्ज करने लगे, तो उसके खिलाफ अदालत की शरण में जाना बेहद जरूरी हो जाता है। उन्होंने एलान किया कि चंदौली पुलिस द्वारा दर्ज किए गए इस मुकदमे के संबंध में वह अपने सभी पुख्ता साक्ष्यों और वीडियो के साथ बहुत जल्द हाईकोर्ट (उच्च न्यायालय) का रुख करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और कोर्ट से उन्हें न्याय जरूर मिलेगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*