जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नौगढ़ ट्रांसफर के बावजूद क्यों बुलाए गए CO देवेंद्र कुमार? अमड़ा पावर हाउस पर बनी 'संकटमोचन' वाली छवि

अमड़ा पावर हाउस पर बिजली समस्या को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह 'डब्लू' के धरने के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। हालांकि, नौगढ़ तैनात सीओ देवेंद्र कुमार की सक्रियता ने एक बार फिर उनके तबादले की चर्चाओं को हवा दे दी है। जानिए पूरी खबर।

 
 

अमड़ा पावर हाउस धरने पर प्रशासन का सख्त पहरा

नौगढ़ सीओ देवेंद्र कुमार ने संभाली सुरक्षा कमान

5 थानों की पुलिस और कई अधिकारी रहे मुस्तैद

ट्रांसफर के बावजूद सीओ की मौजूदगी बनी चर्चा का विषय

अधिकारियों का आदेश मानना ही धर्म: सीओ देवेंद्र कुमार

चंदौली जिले के बिजली संकट से परेशान जनता की आवाज उठाने के लिए सैयदराजा के पूर्व विधायक और सपा नेता मनोज सिंह 'डब्लू' द्वारा अमड़ा पावर हाउस पर धरना-प्रदर्शन की घोषणा की गई थी। इस प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। कानून-व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए 5 थानों की पुलिस बल, 3 नायब तहसीलदार, 2 क्षेत्राधिकारी (सीओ) और उप जिलाधिकारी (SDM) की तैनाती की गई थी।

amra-power-house-protest-co-devendra-kumar-duty

सीओ देवेंद्र कुमार की सक्रियता रही चर्चा में 
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान नौगढ़ में तैनात क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार की सक्रिय भूमिका सबसे ज्यादा सुर्खियों में रही। पूर्व विधायक मनोज सिंह के आवास से लेकर सीधे धरना स्थल तक, सीओ देवेंद्र कुमार सुरक्षा की पल-पल की निगरानी करते दिखे। उन्होंने अन्य अधिकारियों के साथ बेहतरीन तालमेल बनाकर कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखा और पूरे मामले को शांतिपूर्ण बनाए रखा।

तबादले को लेकर उठने लगे कई तरह के सवाल 
धरना स्थल पर सीओ देवेंद्र कुमार की मौजूदगी देखकर आम लोगों और राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की बातें होने लगीं। लोगों का कहना था कि जब उनका तबादला पहले ही सदर से हटाकर नौगढ़ कर दिया गया था, तो इतनी संवेदनशील और बड़ी ड्यूटी में उन्हें ही आगे क्यों किया गया? कई लोगों ने उन्हें पुलिस विभाग का "संकटमोचन" अधिकारी बताया, तो कुछ लोगों ने उनके ट्रांसफर के पीछे राजनीतिक या प्रशासनिक वजहों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए।

amra-power-house-protest-co-devendra-kumar-duty

क्या बोले सीओ देवेंद्र कुमार? 
जब इस पूरे मामले पर सीओ देवेंद्र कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बहुत ही सहजता से जवाब दिया। उन्होंने कहा, "हम पुलिस अनुशासन का पालन करने वाले अधिकारी हैं। हमारे वरिष्ठ अधिकारियों का जो भी आदेश होता है, उसका पालन करना ही हमारा सबसे पहला कर्तव्य है। चाहे नौगढ़ में जिम्मेदारी निभानी हो या सदर में, हम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हमेशा पूरी निष्ठा से तैयार रहते हैं।"

शांतिपूर्ण ढंग से खत्म हुआ प्रदर्शन
 भारी पुलिस बल की तैनाती के चलते पूर्व विधायक का यह धरना-प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। अधिकारियों की मुस्तैदी से कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। हालांकि, धरना समाप्त होने के बाद भी जिले में सीओ देवेंद्र कुमार की भूमिका, उनकी कार्यशैली और उनके अचानक हुए तबादले को लेकर आम जनता और नेताओं के बीच चर्चाओं का बाजार पूरे दिन गर्म रहा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*