जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ऐसी है चंदौली जिले में देव दीपावली की तैयारी, जलेंगे हजारों दीप

देव दीपावली को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। शुक्रवार को देव दीपावली पर गंगा और सरोवर तट व देवालय दीपों से जगमगाएंगे।
 

चंदौली जिले में देव दीपावली की तैयारी

जलेंगे हजारों दीप

चंदौली जिले में देव दीपावली को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। शुक्रवार को देव दीपावली पर गंगा और सरोवर तट व देवालय दीपों से जगमगाएंगे। कहीं 21 तो कहीं, 11 और कहीं पांच हजार दीपदान करने की तैयारी अंतिम चरण में है। इसके लिए स्थानीय लोगों के साथ कई संगठनों के प्रतिनिधि अपनी अपनी तैयारी कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बलुआ में गंगा के किनारे 21 हजार दीप जलेंगे, वहीं उसके बाद गंगा की महाआरती होगी। तत्पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कार्तिक पूर्णिमा को देवों की दीपावली मानी जाती है। इस दिन देवालयों के साथ सरोवर तट और गंगा तटों पर दीपदान का अत्यधिक महत्व है। 

आपको याद होगा कि पिछले कुछ वर्षों में वाराणसी की तर्ज पर चंदौली जिले में भी देव दीपावली पर सरोवर तटों पर दीपदान भव्य स्तर पर किया जा रहा है। चहनियां क्षेत्र के बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा घाट पर देव दीपावली पर 19 नवंबर को दीप जलाए जाएंगे। 

Dev Deepawali 2021

गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल और अरविंद पांडेय ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों को बताया कि इस वर्ष 21000 दीप मिट्टी के जलाए जाएंगे। कार्यक्रम की शुरूआत शाम चार बजे होगी। 4:15 बजे अरविंद तिवारी का भजन होगा। शाम 5:30 बजे दीप जलाए जाएंगे। जबकि शाम सात बजे विचार गोष्ठी होगी। गोष्ठी में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर भी शामिल होंगे। गोष्ठी के बाद गंगा आरती होगी और रात आठ बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।

वहीं मुगलसराय में जीटीआर ब्रिज के नीचे मानसरोवर तालाब को पांच हजार दीपों से सजाया जाएगा। श्रीश्री सूर्यदेव मंदिर छठ पूजा सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता ने बताया कि संस्था की ओर से पांच हजार दीपक जलाए जाएंगे। इसके साथ ही आस पास के लोग यहां रंगोली सजाएंगे और दीपदान करेंगे। इस मौके पर आतिशबाजी भी होगी। इसी तरह दामोदरदास पोखरा, मालगोदाम पोखरा पर भव्य रूप से देव दीपावली मनाने की तैयारी तेजी पर है।

इसके साथ साथ देव दीपावली पर अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति स्थल गंगातट सूजाबाद डोमरी में सात हजार दीप जलाए जाएंगे। संस्था के प्रसार प्रचार मंत्री पारसनाथ यादव ने बताया कि इस बार गंगा आरती के साथ सात हजार दीप से घाट जगमगाएगा। 

Dev Deepawali 2021

वहीं कंदवा इलाके के अमड़ा गांव स्थित शिव मन्दिर तालाब देव दीपावली के अवसर पर शुक्रवार को 11 हजार दीपकों की रोशनी से जगमग होगा। दीपदान के बाद आरती कार्यकम होगा। कार्यक्रम समिति के पवन सिंह जनसेवक और मृत्युंजय चौरसिया ने बताया कि इसकी तैयारी पूरी हो चुकी है।


चकिया नगर पंचायत के इलाके में स्थित मां काली के पोखरे पर ओम सेवा समिति की ओर से देव दीपावली महोत्सव भव्य तरीके से मनाया गया। देव दीपावली महोत्सव के दौरान मां काली की भव्य आरती आतिशबाजी एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। समिति के अध्यक्ष आशीष जायसवाल तथा महामंत्री मुरली श्याम के अनुसार ओम सेवा समिति की ओर से समारोह के अतिथि समाजसेवी ईं. प्रवीण सोनकर, विशिष्ट अतिथि डॉ. गीता शुक्ला, विजय प्रकाश जायसवाल, अनुग्रह नारायण सिंह बंटी होंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*