जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नकद पैसा न हो तो ऑनलाइन होगा पेमेंट, QR कोड से भुगतान कर निकाल सकेंगे खतौनी

चंदौली जिले के तहसील में किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब खतौनी की प्रमाणित प्रति लेने के लिए नकद भुगतान की आवश्यकता नहीं होगी।
 

_जिले के किसानों को बड़ी राहत

अब क्यूआर कोड से भुगतान कर निकाल सकेंगे खतौनी

फुटकर पैसे के लिए नहीं होगी दिक्कत_

चंदौली जिले के तहसील में किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब खतौनी की प्रमाणित प्रति लेने के लिए नकद भुगतान की आवश्यकता नहीं होगी। राजस्व परिषद के निर्देश पर चंदौली जिले की सभी तहसीलों में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू की जा रही है। किसान अब यूपीआई (UPI) के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर आसानी से खतौनी प्राप्त कर सकेंगे।

बताते चलें कि राजस्व विभाग के अनुसार यह सुविधा 1 मई से लागू होगी। अब तक तहसील के भूलेख काउंटर पर केवल नकद भुगतान की व्यवस्था थी, जिससे किसानों को फुटकर की समस्या का सामना करना पड़ता था। नई व्यवस्था से न केवल भुगतान प्रक्रिया सरल होगी, बल्कि यह अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक भी होगी।

चंदौली जनपद में कुल 2.57 लाख पंजीकृत किसान हैं, जो 734 ग्राम पंचायतों में फैले हुए हैं। अब यह किसान अपनी भूमि की खतौनी किसी भी जनसेवा केंद्र या तहसील से ऑनलाइन देख और प्राप्त कर सकते हैं।

राजस्व परिषद की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं और सभी तहसीलों — चंदौली, चकिया, सकलडीहा, पीडीडीयू नगर और नौगढ़ — में इस नई प्रणाली को तत्काल प्रभाव से लागू करने की तैयारी की जा रही है।

इस संबंध में राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त व राजस्व), ने बताया कि “बैंक से क्यूआर कोड प्राप्त कर लिया जाएगा और उसे काउंटर पर लगाया जाएगा। किसान उसे स्कैन कर डिजिटल पेमेंट कर सकेंगे।”

इस व्यवस्था से किसानों को नकद भुगतान की परेशानी से मुक्ति मिलेगी और खतौनी प्राप्त करने की प्रक्रिया और अधिक सहज हो जाएगी।

                                                                                                                                                                                                       

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*