जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

अस्पताल भवन में क्यों बन रही अस्थाई पुलिस चौकी, चंदौली पुलिस व चिकित्सा अधिकारी ने बताई असली वजह

चंदौली पुलिस ने अस्पताल भवन में अतिक्रमण की खबरों को गलत बताया है। सुरक्षा व स्टाफ की मांग पर सीएमओ के निर्देश से अस्थाई पुलिस चौकी बनाई जा रही है।
 

अतिक्रमण कर पुलिस चौकी बनाने की खबर निराधार व असत्य

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने सीएमओ को लिखे थे पत्र

खिड़की दरवाजे और सोलर पैनल खोल ले गए असामाजिक तत्व

महिला स्टाफ से दुर्व्यवहार और रात में डर का माहौल

जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग को खाली कर देंगे भवन

चंदौली जिले में चिकित्सा विभाग के भवन में कब्जा या अतिक्रमण करके पुलिस चौकी बनाए जाने की खबरों को पुलिस ने पूरी तरह गलत और निराधार बताया है। प्रिंट मीडिया में इस तरह की खबरें आने के बाद स्थिति साफ की गई है। चंदौली पुलिस ने कहा है कि अस्थाई पुलिस चौकी किसी अतिक्रमण के तहत नहीं, बल्कि स्वास्थ्य केंद्र और वहां काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बनाई जा रही है।

सुरक्षा कारणों से की गई थी मांग
इस पूरे मामले पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौली के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पहले ही मुख्य चिकित्साधिकारी यानी सीएमओ को पत्र लिखे थे। इन पत्रों में जर्जर भवन में अस्थाई पुलिस चौकी खोलने का अनुरोध किया गया था। अधिकारी के मुताबिक स्वास्थ्य केंद्र के खिड़की, दरवाजे और सोलर पैनल तक असामाजिक तत्व खोल ले गए थे और महिला स्टाफ से बदसलूकी की घटनाएं भी सामने आ रही थीं।

चंदौली: अस्पताल भवन में अतिक्रमण की खबर का खंडन, जानें क्यों बन रही अस्थाई पुलिस चौकी

शराबी और जुआरियों का रहता था जमावड़ा
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के अनुसार रात के वक्त इलाका सुनसान रहने के कारण स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी वहां रुकने से डरते थे। शाम ढलते ही उस जर्जर भवन में शराब पीने वालों और जुआरियों का जमावड़ा लग जाता था। इन्हीं हालात और सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से पुलिस चौकी की जरूरत महसूस की गई थी, ताकि परिसर और कर्मचारियों को सुरक्षित माहौल मिल सके।


सीएमओ के निर्देश पर शुरू हुआ काम
सुरक्षा के मद्देनजर भेजे गए पत्रों के आधार पर सीएमओ ने कुछ समय पहले शहाबगंज के थानाध्यक्ष से अस्थाई पुलिस चौकी खोलने के लिए कहा था। इसी क्रम में पुलिस विभाग की ओर से उस भवन में अस्थाई पुलिस चौकी का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह पूरा काम प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के संज्ञान में है और सीएमओ को भी इसकी पूरी जानकारी है।

चंदौली: अस्पताल भवन में अतिक्रमण की खबर का खंडन, जानें क्यों बन रही अस्थाई पुलिस चौकी

अस्थाई व्यवस्था और खाली करने का भरोसा
चंदौली पुलिस ने साफ किया है कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थाई है। जब भी स्वास्थ्य विभाग को इस भवन की आवश्यकता होगी, पुलिस चौकी वहां से खाली कर दी जाएगी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग दोनों की ओर से स्पष्टीकरण आने के बाद अतिक्रमण को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की गई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*