अंडर-19 वॉलीबॉल टीम में खेलेगा चंदौली का ये होनहार खिलाड़ी, स्पोर्ट्स हास्टल से हुआ सेलेक्शन

रजत सिंह का इंडियन अंडर-19 वॉलीबॉल टीम में चयन
गांव और ननिहाल में खुशी की लहर
10 जून से उज्बेकिस्तान में आयोजित प्रतियोगिता में दिखाएगा जलवा
चंदौली जनपद के कई खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में अपना परचम लहरा रहे हैं। इसी कड़ी में चंदौली जिले के सकलडीहा विकासखंड के फेसुड़ा गांव के रहने वाले एक युवा खिलाड़ी ने इंडियन टीम में अपना जगह बनायी है। अब वह एशियाई चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे और देश के अन्य खिलाड़ियों के साथ मिलकर भारतीय टीम का परचम लहराएंगे।
सकलडीहा ब्लॉक के फेसुड़ा गांव के राजेश सिंह के इकलौते पुत्र रजत सिंह का चयन इंडियन अंडर-19 वॉलीबॉल टीम में हो गया है। रजत अब 10 जून से उज्बेकिस्तान में आयोजित होने वाले एशियन वॉलीबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने जा रहे हैं। वह भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले उन खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, जो छोटे जिलों से निकलकर देश के लिए खेलते हैं। चंदौली जैसे पिछड़े जनपद चंदौली के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
आपको बता दें कि रजत सिंह वर्तमान में गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ के छात्र हैं। इससे पूर्व भी रजत ने वर्ष 2024 में बहरीन में आयोजित अंडर-18 इंडियन वॉलीबॉल टीम में भाग लिया था। उन्होंने तीन बार नेशनल गेम्स में हिस्सा लिया है और दो बार राष्ट्रीय जूनियर वॉलीबॉल प्रतियोगिता में भी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

खेलो इंडिया 2025 में रजत ने प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए बिहार में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीता था। उनके लगातार दूसरी बार नेशनल टीम में चयन से न केवल फेसुड़ा गांव, बल्कि उनके ननिहाल कम्हरिया में भी हर्ष का माहौल है।
रजत की इस सफलता पर उनके माता-पिता ऋतु सिंह और राजेश सिंह के साथ ही नाना गुप्तेश्वर सिंह, मामा निखिल सिंह सहित पूरे परिवार और गांववासियों में गर्व और उत्साह देखा जा रहा है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*