Traffic Action: सड़क सुरक्षा पखवाड़े में एक्शन, 3 दिन में 3,502 वाहनों के चालान काट वसूले 32.52 लाख
वाराणसी जोन के चंदौली समेत 9 जिलों में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा जारी है। पुलिस ने बीते 3 दिनों में 10,662 लोगों को जागरूक किया और 3,502 चालान काटकर 32.52 लाख जुर्माना वसूला।
वाराणसी जोन में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा
तीन दिन में 3,502 वाहनों का चालान
नियम तोड़ने वालों से 32.52 लाख वसूली
मॉडिफाइड साइलेंसर और काली फिल्म पर एक्शन
बिना लाइसेंस और बीमा वालों पर कार्रवाई
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर वाराणसी जोन के जिलों में यातायात नियमों का पालन कराने के लिए 'सड़क सुरक्षा पखवाड़ा' चलाया जा रहा है। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) वाराणसी जोन नवीन अरोरा के मार्गदर्शन में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही, आजमगढ़, बलिया और मऊ में ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। अपर पुलिस महानिदेशक की सोशल मीडिया सेल द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 3 दिनों में जोन की पुलिस ने 10,662 वाहन चालकों को जागरूक किया है, जबकि नियम तोड़ने वाले 3,502 वाहनों का चालान काटकर कुल 32 लाख 52 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला है।

मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और काली फिल्म पर चला डंडा
अभियान के तहत 21 नवंबर 2026 को ध्वनि प्रदूषण और वाहनों में अवैध बदलाव करने वालों के खिलाफ विशेष जांच की गई। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले 142 वाहनों का चालान कर 60,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं, हूटर के दुरुपयोग पर 34 वाहनों से 43,000 रुपये, अवैध सायरन पर 15 वाहनों से 2,000 रुपये और प्रेशर हॉर्न बजाने वाले 100 वाहनों का चालान कर 85,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा शीशे पर काली फिल्म लगाने वाले 131 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1,41,000 रुपये का जुर्माना ठोका गया।

ट्रिपल राइडिंग और बिना HSRP नंबर प्लेट वालों पर कार्रवाई
अभियान के अगले दिन यानी 22 नवंबर 2026 को दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। पुलिस ने 6,372 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और 1,192 वाहनों का चालान काटकर 5,17,500 रुपये शमन शुल्क वसूला। इसी दिन बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगे वाहनों के विरुद्ध भी अभियान चलाया गया। इसमें 4,290 लोगों को जागरूक करने के साथ ही 385 वाहनों का चालान कर 6,27,000 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।

नाबालिग चालक, बिना लाइसेंस और बिना बीमा वालों से भारी वसूली
यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के क्रम में 23 नवंबर 2026 को दस्तावेजों और नाबालिगों की ड्राइविंग पर खास नजर रखी गई। इस दिन अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने के मामले में 66 चालान काटकर 73,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसके साथ ही बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले 907 चालकों से 10,50,400 रुपये और बिना वैध बीमा के सड़क पर वाहन दौड़ाने वाले 530 चालकों का चालान कर 6,52,600 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।

ADG जोन की आम जनता से सुरक्षित यात्रा की अपील
इस पूरी कार्रवाई के साथ ही एडीजी जोन नवीन अरोरा ने आम नागरिकों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि लोग नशे की हालत में या मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी न चलाएं। दोपहिया पर हमेशा हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें। नाबालिगों को वाहन चलाने को न दें, ट्रिपल राइडिंग से बचें और मानक के अनुसार HSRP नंबर प्लेट लगवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपकी सुरक्षा ही आपके परिवार की सबसे बड़ी खुशी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







