जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

गंगा नदी में बहता जा रहा था भारी भरकम अजगर, मछुआरों के जाल में फंसा तो बाहर निकाला गया 10 फीट लंबा अजगर

अजगर के मिलने की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
 

अमादपुर गांव में गंगा किनारे अनोखी घटना

मछली पकड़ने के जाल में फंसा 50 किलो वजनी अजगर

सूचना के बाद भी मौके पर नहीं पहुंचा वन विभाग

अजगर मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के अमादपुर गांव में मंगलवार सुबह गंगा नदी से एक विशाल अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। मछुआरों के जाल में फंसा यह अजगर लगभग 10 फीट लंबा और करीब 50 किलो वजनी बताया जा रहा है। अजगर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

मछली पकड़ने के जाल में फंसा सांप

आपको बता दें कि गांव के आनंद मल्लाह ने सोमवार शाम गंगा नदी में मछली पकड़ने के लिए जाल डाला था। मंगलवार सुबह जब वे जाल निकालने पहुंचे तो वह असामान्य रूप से भारी लगने लगा। जाल निकालना मुश्किल हो गया, तब अन्य मल्लाहों को मदद के लिए बुलाया गया। जब सभी ने मिलकर जाल खींचा तो उसमें एक विशाल अजगर फंसा मिला।

python trapped

वन विभाग पर नाराज ग्रामीण

बताते चलें कि अजगर के मिलने की जानकारी तुरंत वन विभाग को दी गई, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी टीम मौके पर नहीं पहुंची। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस तरह की स्थिति में वन विभाग को तुरंत सक्रिय होना चाहिए था ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

गंगा किनारे फैली दहशत

अजगर के मिलने की खबर से गंगा नदी के किनारे मछली पकड़ने और स्नान करने वालों में भय का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने कहा कि लोग अब नदी में जाने से डर रहे हैं। बच्चे और महिलाएं नदी के किनारे जाने से कतराने लगे हैं।

python trapped

सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग

ग्रामीणों विक्की सिंह, विशाल सिंह, रणधीर यादव समेत कई लोगों ने मांग की है कि अजगर को जल्द से जल्द जंगल या किसी सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए। उनका कहना है कि अजगर के खुले क्षेत्र में होने से इंसानों और पशुओं पर खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की अपील की है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ दिया जाए, ताकि गांव और नदी किनारे का इलाका सुरक्षित रह सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*