जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

विकास खण्ड सकलडीहा में कृषि विभाग ने लगाया स्टाल, गिनाते रहे सरकार की लाभदायक योजना

सरकार द्वारा किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खेती, सब्जी एवं मंडियों के माध्यम से आय में बढ़ोतरी करने जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं जारी हैं।
 

चंदौली जिले में केंद्र सरकार से लेकर राज्य सरकार लगातार किसानों की समस्याओं से लेकर आय दोगुनी करने की विभिन्न योजनाएं जारी किए हुए हैं। गुरुवार को विकास खंड परिसर में कृषि विभाग द्वारा आयोजित संगोष्ठी में स्टाल लगाकर कृषकों को जागरूक किया गया तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं सहित खेती करने के आधुनिक तरीकों एवं संयंत्रों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। 

कृषि विभाग द्वारा यह कार्यक्रम किसानों को आधुनिक खेती को लेकर जागरूक करने के लिए आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप संभागीय अधिकारी कृषि प्रसार विजय कुमार सिंह ने बताया कि किस मौसम में किन बीजों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने फसल, सब्जी तथा बीजों के बारे में कृषकों को विस्तार से जानकारी प्रदान की।

मौके पर जिला कृषि अधिकारी वसंत कुमार ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में कृषकों को विस्तार से बताते हुए कहा कि आज के परिवेश में किसान कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का आसान तरीकों से लाभ ले सकते हैं। वहीं एग्री जंक्शन, कृषि रक्षा, बीज गोदाम, वेस्टीज द्वारा जैविक उत्पादों से संबंधित विभिन्न दवाओं के बारे में जानकारी एवं रख रखाव कर अपनी फसलों को अनावश्यक बर्बाद होने से बचा सकते हैं। 

इस मौके पर खंड विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय ने किसानों को बताया कि सही समय पर सही जानकारी प्राप्त कर आप खेती से अच्छा लाभ ले सकते हैं। सरकार द्वारा किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से खेती, सब्जी एवं मंडियों के माध्यम से आय में बढ़ोतरी करने जैसी विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं जारी हैं। इस मौके पर एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय, श्याम सुंदर शर्मा, नरेंद्र प्रताप, गोविंद प्रजापति आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय कुमार सिंह ने किया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*