जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बालू लदे बेकाबू ट्रेलर ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, खाई में पलटने से दो गंभीर रूप से घायल

चंदौली के धीना क्षेत्र में शनिवार सुबह बालू लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में ट्रैक्टर खाई में पलट गया, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी खबर और पुलिस कार्रवाई जानने के लिए पढ़ें।

 
 

धीना के डिग्घी गांव के पास हादसा

बालू लदे ट्रेलर ने मारी जोरदार टक्कर

ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलटा

हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल

मौका पाकर ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार

चंदौली के धीना में शनिवार सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित ट्रेलर ने ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। हादसे के वक्त ट्रैक्टर पर सवार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खेत से घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धीना थाना क्षेत्र के डिग्घी गांव के रहने वाले दिलीप अग्रहरि (25 वर्ष) शनिवार सुबह करीब सात बजे अपने साथी हरिवंश प्रजापति के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर लौट रहे थे। वे अपने खेत से आंधी में गिरी सूखी लकड़ियां इकट्ठा करके घर वापस आ रहे थे। जैसे ही उनका ट्रैक्टर डिग्घी गांव के सामने मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी अमड़ा की दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार बालू लदे ट्रेलर ने ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर पूरी तरह असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।

accident-news-trailer-hits-tractor-dheena-two-injured

स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, चालक फरार
इस दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चला रहे दिलीप अग्रहरि और उनके साथी हरिवंश प्रजापति को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला। ग्रामीणों की मदद से दोनों को इलाज के लिए तत्काल कमालपुर स्थित एक निजी चिकित्सालय में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। वहीं, हादसे के बाद ट्रेलर चालक अपने वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस बल मौके पर, जांच और कार्रवाई शुरू
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण बाधित हुए मार्ग को सुचारू कराया। पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को खींचकर अपने कब्जे में ले लिया है और उसे थाने ले आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*