जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

रोजी-रोटी कमाने गए अनिल राजभर का आंध्र प्रदेश से आया शव, रोते-बिलखते परिजनों को देख नम हुईं सबकी आँखें

आंध्र प्रदेश के अंगोल में एक प्राइवेट कंपनी में क्रेन पर काम करने वाले सकलडीहा के ईंटवा गाँव निवासी 32 वर्षीय अनिल राजभर की करंट लगने से मौत हो गई। बुधवार सुबह एम्बुलेंस से शव घर पहुँचते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 
 

सकलडीहा के ईंटवा गाँव का रहने वाला था युवक

आंध्र प्रदेश के अंगोल में क्रेन पर कर रहा था काम

बिजली का करंट लगने से नीचे गिरने से हुई मौत

एक महीना पहले ही घर से काम पर गया था अनिल

बुधवार की सुबह एम्बुलेंस से घर पहुँचा मृत युवक का शव

चंदौली जिले की सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के ईंटवा गाँव में बुधवार की सुबह उस वक्त मातम पसर गया, जब आंध्र प्रदेश में काम करने वाले एक 32 वर्षीय युवक का शव एम्बुलेंस से उसके पैतृक घर पहुँचा। मृतक की पहचान ईंटवा गाँव निवासी अनिल राजभर (32 वर्ष) के रूप में हुई है। जैसे ही एम्बुलेंस गाँव में दाखिल हुई, मृतक के परिजनों और रिश्तेदारों में चीख-पुकार मच गई।

क्रेन पर काम करते समय लगा करंट
मिली जानकारी के अनुसार, अनिल राजभर आंध्र प्रदेश के ओंगोल में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। वह बीते एक महीने पहले ही अपने घर से रोजी-रोटी कमाने के लिए काम पर गया था। बीते 28 जून की शाम को वह हमेशा की तरह क्रेन पर चढ़कर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली का जोरदार करंट लगने से वह अनियंत्रित होकर क्रेन से सीधे जमीन पर गिर गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
क्रेन से नीचे गिरने के कारण अनिल के सिर में बेहद गंभीर चोटें आई थीं। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जैसे ही इस दर्दनाक घटना की खबर दूर राज्य से परिजनों तक पहुँची, पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद से ही घर में सन्नाटा पसरा हुआ था और सबको शव के आने का इंतजार था।

तीन भाई एक साथ करते थे काम
ईंटवा गाँव के रहने वाले सारनाथ राजभर के चार बेटे हैं, जिनके नाम सुनील, संदीप, सुशील और अनिल राजभर हैं। इनमें से 32 साल का अनिल राजभर अपने दो अन्य भाइयों संदीप और सुशील के साथ ही आंध्र प्रदेश के ओंगोल की उसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था, जहाँ यह दर्दनाक हादसा पेश आया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
बुधवार की सुबह जब एम्बुलेंस से शव घर पहुँचा, तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। मृतक अनिल की माँ अग्नि देवी, पिता सारनाथ राजभर और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं पति का शव देखकर पत्नी बिंदु देवी, पुत्र अनुज और पुत्री अनामिका सहित परिवार के लोग दहाड़ मार-मारकर रोने लगे। परिजनों को इस हाल में बिलखते देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आँखें भी नम हो गईं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*