असवारियां गांव में सरकारी हैंडपंप बना शोपीस, ग्रामीण परेशान
2022 में लगाया गया था हैंडपंप
लंबे समय से खराब पड़ा है हैंडपंप
कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
गांव में कई और हैंडपंप भी खराब
चंदौली जिले के धानापुर विकास खंड के ग्राम पंचायत असवारियां में वर्ष 2022 में सार्वजनिक कुएं के पास स्थापित सरकारी हैंडपंप आज भी ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए लगाए गए इस हैंडपंप का उद्देश्य स्नान के बाद पितरों का तर्पण, घाट नहान के अवसर पर जल की उपलब्धता और गर्मी के दिनों में राहगीरों को पेयजल मुहैया कराना था। लेकिन लंबे समय से यह हैंडपंप खराब पड़ा है और किसी को भी इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह हैंडपंप अब सिर्फ शोपीस बनकर रह गया है। लोगों ने कई बार इसकी शिकायत संबंधित विभाग से की, लेकिन आज तक मरम्मत नहीं हो सकी। स्थिति यह है कि गांव में कई अन्य हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, बावजूद इसके मरम्मत कार्य की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत में हैंडपंप की मरम्मत और नए हैंडपंप लगाने के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए जाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इस मामले पर खंड विकास अधिकारी धानापुर विजय कुमार ने कहा कि समस्या की जानकारी मिली है। शीघ्र ही जांच करवाई जाएगी और हैंडपंप को चालू कराकर ग्रामीणों की परेशानी दूर की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर ज्यादा है कि सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर सरकारी धन खर्च हो जाता है, लेकिन जनता को उसका वास्तविक लाभ नहीं मिलता।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







