अथर्व सिंह ने अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मेडल, डबरिया के लाल ने कर दिया कमाल
चंदौली के डबरिया गांव के होनहार खिलाड़ी अथर्व सिंह ने दिल्ली में आयोजित 13वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। 10-11 आयु वर्ग में उनके शानदार प्रदर्शन ने खेल जगत में जिले का मान बढ़ाया है।
अंतरराष्ट्रीय कराटे में स्वर्ण पदक जीता
चंदौली के अथर्व की ऐतिहासिक जीत
दिल्ली में आयोजित हुआ बड़ा टूर्नामेंट
10-11 आयु वर्ग में शानदार खेल
कुमिते प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल
चंदौली जिले के होनहार खिलाड़ी अथर्व सिंह ने अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। नई दिल्ली में आयोजित की गई 13वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप-2025 में अथर्व ने स्वर्ण पदक जीतकर अपने जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। जनपद के डबरिया गांव के निवासी और आशुतोष सिंह (सोपाडू) के पुत्र अथर्व ने व्यक्तिगत कुमिते प्रतियोगिता में यह विशेष उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस जीत से पूरे इलाके में जश्न का माहौल है।
प्रतिस्पर्धा में दिखाया बेहतरीन कौशल
अथर्व सिंह ने यह स्वर्ण पदक 10–11 वर्ष आयु वर्ग की 40.1 से 45 किलोग्राम वजन श्रेणी में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीता है। प्रतियोगिता के दौरान अथर्व की अद्भुत फुर्ती, सटीक तकनीक और उनके अटूट आत्मविश्वास ने वहां मौजूद दर्शकों और खेल प्रेमियों को काफी प्रभावित किया। उनके हर दांव-पेंच में एक मंझे हुए खिलाड़ी की झलक साफ दिखाई दे रही थी, जिसने उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर शीर्ष स्थान दिलाया।
पहले बांग्लादेश में होना था आयोजन
अथर्व की इस ऐतिहासिक सफलता पर उनके परिवार, विद्यालय और प्रशिक्षकों में हर्ष व्याप्त है। अथर्व के पिता आशुतोष सिंह ने बताया कि यह अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप मूल रूप से बांग्लादेश में आयोजित होनी थी। हालांकि, वहां की वर्तमान परिस्थितियों और सुरक्षा कारणों को देखते हुए अंतिम समय में आयोजन स्थल बदलकर नई दिल्ली कर दिया गया। उन्होंने यह भी साझा किया कि अथर्व बचपन से ही खेलों के प्रति समर्पित रहे हैं और इससे पहले भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित कर चुके हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







