जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

रामगढ़ में बाबा कीनाराम का 427वां जन्मोत्सव संपन्न, पीठाधीश्वर ने आभार जताकर श्रद्धालुओं को दिया आशीर्वाद

चंदौली के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में तीन दिवसीय 427वां जन्मोत्सव शनिवार को धूमधाम से संपन्न हो गया। अंतिम दिन लाखों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम ने सभी को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। पूरी खबर पढ़ें...

 
 

बाबा कीनाराम के 427वें जन्मोत्सव का भव्य समापन

तीन दिनों तक रामगढ़ में उमड़ा लाखों श्रद्धालुओं का जनसैलाब

पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम ने भक्तों को दिया आशीर्वाद

विचार गोष्ठी में बाबा के जीवन और अघोर दर्शन पर मंथन

विधायक सुशील सिंह ने बाबा की विशाल प्रतिमा का दिया आश्वासन

चंदौली जिले के रामगढ़ स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा कीनाराम मठ में आयोजित तीन दिवसीय 427वें जन्मोत्सव समारोह का शनिवार को भव्य समापन हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन रामगढ़ धाम में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज से आए लाखों भक्तों ने लंबी कतारों में लगकर अघोरेश्वर बाबा कीनाराम के दर्शन-पूजन किए और माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

baba-kinaram-427-janmotsav-concludes-ramgarh-math

पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम ने दिया सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
महोत्सव के समापन अवसर पर विचार गोष्ठी के बाद पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम ने मंच से उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दिया। पीठाधीश्वर के दर्शन और आशीर्वाद पाने के लिए भक्त देर शाम तक डटे रहे। तीन दिनों तक चले इस भव्य धार्मिक उत्सव से पूरा क्षेत्र बाबा के जयकारों से गुंजायमान रहा।

baba-kinaram-427-janmotsav-concludes-ramgarh-math

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भजनों ने बांधा समां
अंतिम दिन सुबह से ही सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। सुबह के समय क्षेत्रीय गायकों ने भजनों की प्रस्तुति दी, जिसके बाद मंगला पाठक, मोहन तिवारी और दीपक यादव ने मानस पाठ किया। लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने सोहर और भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। अमर ज्योति सेवा केंद्र और अमर ज्योति दिव्यांग विद्यालय हरिहरपुर के बच्चों ने भावपूर्ण लोकगीतों की प्रस्तुति दी, जिसे देखकर हर कोई भावविभोर हो गया।

baba-kinaram-427-janmotsav-concludes-ramgarh-math

मेले में जमी दुकानों पर खरीदारी, बच्चों ने उठाए झूलों के आनंद
जन्मोत्सव के मौके पर विशाल मेले का आयोजन हुआ, जहां मिठाई, प्रसिद्ध गुड़हिया जलेबी, पकौड़ी और चाट की दुकानों पर लोगों का तांता लगा रहा। महिलाओं ने श्रृंगार की दुकानों पर जमकर खरीदारी की। वहीं, बच्चों ने मेले में लगे झूले, चरखी और खिलौनों का भरपूर लुत्फ उठाया। सुरक्षा के लिहाज से वाहनों को मठ परिसर से एक-दो किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया था। हालांकि, कुछ जगहों पर अनुभवहीन पुलिसकर्मियों और रूट डायवर्जन के कारण लोगों को आने-जाने में थोड़ी परेशानी जरूर हुई, फिर भी सुरक्षा व्यवस्था कुल मिलाकर बेहतर रही।

विचार गोष्ठी में बाबा कीनाराम के जीवन दर्शन पर हुई चर्चा
महोत्सव के दौरान आयोजित विचार गोष्ठी में विद्वानों और गणमान्य लोगों ने बाबा कीनाराम के सामाजिक योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा कीनाराम ने अपने ज्ञान और संयम से समाज की कुप्रथाओं को खत्म किया और अघोर दर्शन को दुनिया भर में सम्मान दिलाया। गोष्ठी में डॉ. गया सिंह, सी.एन. ओझा, वरिष्ठ पत्रकार आनंद सिंह, अधिवक्ता गंगेश पांडेय और रूबी सिंह सहित कई लोगों ने बाबा के बताए मानवता, सेवा और समानता के रास्ते पर चलने का आह्वान किया।

विधायक सुशील सिंह ने किए दर्शन, बाबा की विशाल प्रतिमा का दिया आश्वासन
सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने भी अपने समर्थकों के साथ रामगढ़ पहुंचकर बाबा कीनाराम के दर्शन किए और हवन में आहुति दी। उन्होंने कहा कि बाबा के दर्शन मात्र से भक्तों के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने जन्मस्थली पर बाबा कीनाराम की एक विशाल प्रतिमा बनवाने का आश्वासन भी दिया।

मठ व्यवस्थापक ने जिला प्रशासन और पुलिस का जताया आभार
महोत्सव के सफल और शांतिपूर्ण समापन पर मठ व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह ने चंदौली के जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक डॉ. आकाश पटेल, उपजिलाधिकारी आकांक्षा पटेल, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्णमुरारी शर्मा और बलुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह सहित पूरे प्रशासनिक अमले और पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रधान मठ व्यवस्थापक अरुण सिंह, धनंजय सिंह, सीडीओ नैनीताल अरविंद पांडेय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*